थाना कुमारगंज क्षेत्र में फर्जी पुलिस बनकर एक व्यक्ति ने व्यापारी को ठगा
(डाक्टर अजय तिवारी जिला संवाददाता)
अयोध्या।जिले के थाना कुमारगंज क्षेत्र में एक फर्जी पुलिसकर्मी ने एक व्यापारी को 50 हजार रुपये का चूना लगा दिया।आरोपी ने खुद को थाने का दीवान बताकर सरसों बेचने का झांसा दिया और नकद रुपये लेकर फरार हो गया। घटना के सात दिन बाद भी पुलिस आरोपी का पता नहीं लगा पाई है।मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना कुमारगंज थाना क्षेत्र के बवां रोड निवासी व्यापारी अनिरुद्ध के साथ बीते गुरुवार शाम को हुई। अनिरुद्ध ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी में उनकी दुकान पर बाइक से आया। उसने खुद को थाने का दीवान बताया और कहा कि वह थाना प्रभारी के कहने पर सरसों का भाव लेने आया है।फर्जी पुलिसकर्मी ने व्यापारी को बताया कि थाने में नौ क्विंटल सरसों रखी है, जिसे बेचना है।उसने पहले 70 रुपये प्रति किलोग्राम का भाव बताया, लेकिन मोलभाव के बाद 63 रुपये प्रति किलोग्राम पर सौदा तय हो गया।सरसों का भाव तय होने के बाद आरोपी ने व्यापारी से 50 हजार रुपये नकद लिए। उसने व्यापारी को सरसों लादने के लिए अपने ई-रिक्शा के साथ थाने चलने को कहा। जब व्यापारी थाना गेट पर पहुंचा, तो ठग ने कमरे की चाबी दुकान पर छूट जाने का बहाना बनाया और चाबी लाने के लिए कहकर चला गया, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। पीडित व्यापारी ने प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार से सरसों के बारे में जानकारी ली। तब उन्हें ठगे जाने का एहसास हुआ।पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।ठग की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं, जिनमें स्थानीय पुलिसकर्मी और सर्विलांस टीम शामिल हैं।पुलिस टीमों ने कुमारगंज बाजार और अन्य मार्गों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला है। मिल्कीपुर सीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि व्यापारी द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, घटना के सात दिन बाद भी पुलिस ठगी करने वाले आरोपी को पकड़ नहीं पाई है
।

