गोरखपुर: गोरखपुर के सहजनवां इलाके से दो सगे भाई समेत तीन बालक रहस्यमय हाल में लापता हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि गीडा इलाके का एक बच्चा अपने दोस्त दो भाइयों के पास आया और फिर तीनों साथ ही गए थे और लापता हो गए। मामले में एसएसपी ने जानकारी देने के लिए नंबर जारी करते हुए बताया है कि जो भी इनकी सूचना देगा उसे इनाम दिया जाएगा।
गांव से गीडा के खैरेला गांव निवासी सूर्य बहादुर थापा का बेटा दीपक थापा (13) सहजनवां के लुचुई निवासी गिरीश धर द्विवेदी का बेटा रुद्र उर्फ छोटू (12) और उसका भाई सिद्धार्थ (11) गायब हैं। जानकारी के मुताबिक, दीपक मंगलवार की सुबह ग्यारह बजे सहजनवां के वार्ड नंबर 14 लुचुई निवासी दो दोस्तों के पास गया था। यहां से तीनों बच्चे साथ में खेलने के लिए घर से निकले थे। शाम तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने तीनों की तलाश की तो कहीं कोई पता नहीं चला।

