ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा और गाजियाबाद में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कमी से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों में पिछले तीन-चार दिनों से गैस खत्म होने के कारण चूल्हा नहीं जला और लोग बाहर से खाना मंगाने को मजबूर हैं।
पूछताछ में कुछ लोगों ने बताया कि तीन दिन पहले उनके घर का सिलेंडर खत्म हो गया। कई बार बुकिंग करने की कोशिश के बावजूद गैस बुक नहीं हुई। गैस एजेंसी पर भी सिलेंडर नहीं मिला, जबकि बाहर कुछ लोग 3200 रुपये तक में सिलेंडर देने की बात कर रहे हैं। मजबूरी में उन्हें ढाबे से खाना मंगवाना पड़ रहा है।
वहीं सरफाबाद गांव की कुछ टीचरों ने बताया कि उनके घर चार दिनों से गैस खत्म है और वह पड़ोसियों के सहारे गुजारा कर रही थीं। उनका कहना है कि बुकिंग नहीं हो रही और एजेंसी पर लंबी लाइन लगी है। बाहर बाजार में सिलेंडर 3500 रुपये तक में मिल रहा है।
गैस की कमी से रसोई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। लोगों का आरोप है कि कुछ लोग इस स्थिति का फायदा उठाकर कालाबाजारी कर रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है।

