*प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक एवं जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के लिए जनपदीय चयन/ट्रायल्स*
जौनपुर 26 सितम्बर, 2024 (सू0वि0)- खेल निदेशालय उ0प्र0, लखनऊ के तत्वावधान में खेल विभाग उ0प्र0 एवं उ0प्र0 कबड्डी संघ के समन्वय से प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता (16 वर्षीय) का आयोजन 05 से 07 अक्टूबर, 2024 तक सहारनपुर में किया जा रहा है। उक्त के क्रम में जनपद जौनपुर के सब-जूनियर बालक कबड्डी खिलाड़ियों का जनपदीय चयन परीक्षण 01 अक्टूबर 2024 को प्रातः 10 बजे से इन्दिरा गांधी स्टेडियम सिद्दीकपुर में किया जायेगा।
प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता (20 वर्षीय) का आयोजन 21 से 23 अक्टूबर, 2024 तक आगरा में किया जा रहा है। उक्त के क्रम में जनपद जौनपुर के जूनियर बालिका कबड्डी खिलाड़ियों का जनपदीय चयन परीक्षण 16 अक्टूबर 2024 को प्रातः 10 बजे से इन्दिरा गांधी स्टेडियम सिद्दीकपुर में किया जायेगा। जनपदीय चयन परीक्षण में चयनित खिलाड़ियों को ही मण्डलीय चयन परीक्षण हेतु भेजा जायेगा। मण्डलीय चयन परीक्षण सब-जूनियर बालक कबड्डी का 03 अक्टूबर 2024 को तथा जूनियर बालिका का 18 अक्टूबर 2024 को प्रातः 9.00 बजे से डॉ0 भीमराव अम्बेडकर क्रीड़ा संकुल लालपुर, वाराणसी में किया जायेगा। मण्डल स्तर पर चयनित खिलाड़ी ही प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर बालक कबड्डी एवं प्रदेश स्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप पर अपना पात्रता प्रमाण पत्र फोटो सहित तथा आयु प्रमाण-पत्र प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाणित तथा आधार कार्ड के साथ, हाई स्कूल अंक पत्र की छायाप्रति साथ लेकर जनपदीय चयन/परीक्षण में प्रतिभाग कर सकते हैं। प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों की आयु 31 दिसम्बर 2024 को 16 वर्ष या उससे कम अर्थात जन्म तिथि 01 जनवरी 2009 के बाद का होना चाहिए तथा वजन 55 किग्रा0 या उससे कम होना चाहिए एवं प्रदेश स्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों की आयु 31 दिसम्बर 2024 को 20 वर्ष या उससे कम अर्थात जन्म तिथि 01 जनवरी 2005 के बाद का होना चाहिए तथा वजन 65 किग्रा0 या उससे कम होना चाहिए। उक्त जानकारी उप क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह ने दी है।

