फर्जी नियुक्ति पत्र देकर डेढ़ लाख की ठगी, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

फर्जी नियुक्ति पत्र देकर डेढ़ लाख की ठगी, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

जौनपुर, 13 मार्च । जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर डेढ़ लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक जौनपुर से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नेवढ़िया थाना क्षेत्र के बनेवरा गांव निवासी मुकेश सिंह ने पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उनके मित्र विशाल के माध्यम से उनकी मुलाकात ग्राम धनेथू निवासी देवेंद्र पांडे से हुई थी। आरोप है कि देवेंद्र पांडे ने खुद को अमूल कंपनी में अच्छी पहुंच रखने वाला बताते हुए मुकेश को वाराणसी स्थित अमूल डेयरी में सुपरवाइजर पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके लिए प्रति माह 28,190 रुपये वेतन मिलने की बात भी कही गई।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने विश्वास में लेकर गूगल पे और फोन पे के माध्यम से किस्तों में कुल एक लाख पचास हजार रुपये अपने खाते में मंगवा लिए। इसके बाद उसने अमूल डेयरी वाराणसी में सुपरवाइजर पद के नाम पर एक कथित नियुक्ति पत्र भी दे दिया और कहा कि कुछ दिनों में ज्वाइनिंग हो जाएगी।
मुकेश सिंह का कहना है कि जब भी वह ज्वाइनिंग की बात करते, आरोपी टालमटोल करता रहा। संदेह होने पर वह खुद वाराणसी स्थित अमूल डेयरी पहुंचे, जहां पता चला कि कंपनी की ओर से ऐसा कोई नियुक्ति पत्र जारी ही नहीं किया गया है। इसके बाद उन्होंने आरोपी से कई बार पैसे वापस करने की मांग की, लेकिन उसने रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में शुक्रवार को जानकारी लेने पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *