बागपत सीएचसी स्टाफ ने की इंसानियत की मिसाल पेश

देश की उपासना न्यूज़

गरीब बुजुर्ग को नई साईकिल लाकर भेंट की

– सीएचसी पर दवाई लेने आया था गरीब बुजुर्ग और हो गई थी साईकिल चोरी

बागपत, उत्तर प्रदेश। विवेक जैन।

बागपत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ शुरू से ही मानवता की अनुपम मिसाल रहा है। एक बार फिर गरीब बुजुर्ग की साईकिल चोरी हुई तो स्टाफ के सभी लोगों ने पैसे इकट्ठा कर उस गरीब बुजुर्ग को नई साईकिल लाकर दी और फिर से मानवता का बहुत सुंदर उदाहरण पेश किया, जिसकी सभी लोग सराहना कर रहे हैं। बागपत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पुराने कस्बे के रहने वाले 55 वर्षीय गरीब बुजुर्ग बाबू कश्यप पुत्र ज्ञानी सिंह दवाई लेने के लिए आए थे। जब वह दवाई ले रहे थे इसी बीच किसी ने उनकी साईकिल चोरी कर ली और वह फफक-फफक कर रोने लगे। जब बागपत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विभाष राजपूत तक यह बात पहुची तो उन पर उस गरीब बुजुर्ग का दुख देखा नहीं गया और उन्होंने स्टाफ के बीच इसको लेकर चर्चा की। उन्होंने स्टाफ के लोगों को उसके घर भेजकर विजिट कराई तो सच में वह बुजुर्ग काफी गरीब निकला। उसके बाद स्टाफ के लोगों ने उस गरीब बुजुर्ग को नई साईकिल लाकर देने का फैसला किया। पूरे सीएचसी स्टाफ ने इसको लेकर पैसे इकठ्ठे किये और उसके बाद उस गरीब बुजुर्ग को सीएचसी में बुलाकर उसे साइकिल की चाबी सौंपी। नई साईकिल पाकर बाबू कश्यप की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने पूरे स्टाफ को इसके लिए दुआ दी। इस मौके पर डॉ वैभव, डॉ मोनिका, डॉ अमित, मनोज गोपी, विनीता कौशिक सहित पूरा सीएचसी स्टाफ मौजूद था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *