गोरखपुर/कानपुर के प्रॉपर्टी डीलर मनीष गुप्ता की हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी सीबीआई ने सोमवार को होटल कृष्णा पैलेस के मालिक सुभाष शुक्ला से करीब दो घण्टे तक एनेक्सी भवन में पूछताछ की। वहीं सीबीआई ने मनीष गुप्ता के शव का पोस्टमार्टम करने वाले दोनों डॉक्टरों से भी करीब तीन घंटे तक पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया।
माना जा रहा है कि सीबीआई अपनी जांच के अंतिम पड़ाव में चल रही है। उधर, आरोपित सभी छह पुलिस वालों की बुधवार को पेशी है इसलिए उन्हें अपने साथ ले जाने की सीबीआई कोई अर्जी भी दे सकती है। रविवार को तीसरी बार गोरखपुर पहुंची सीबीआई ने सोमवार से फिर सक्रियता शुरू की और दोपहर में करीब 2 बजे होटल कृष्णा पैलेस के मालिक सुभाष शुक्ला को तलब किया। सुभाष से करीब दो घण्टे तक सवाल-जवाब हुए। सीबीआई ने उनसे जानना चाहा कि उन्हें मनीष के साथ हुई घटना की जानकारी उन्हें कैसे और कब हुई। वह होटल कितने बचे पहुंचे और वहां उन्होंने क्या देखा और खुद क्या किया। करीब 3.55 बजे तक पूछताछ बाद वह एनेक्सी भवन से बाहर निकले। उसके बाद सीबीआई ने पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर गुलशन और डा. एखलाख को बुलाकर उनसे सवाल-जवाब किया। दोनों डॉक्टरों से करीब तीन घंटे तक पूछताछ के साथ ही सीबीआई ने उनका बयान दर्ज किया। पीएम रिपोर्ट से जुड़ी जानकारी ली।
उधर, होटल मालिक सुभाष शुक्ला ने एनेक्सी भवन से बाहर निकलने के बाद मीडिया से कहा कि उनके होटल में घटना हुई है तो सीबीआई उनसे पूछताछ करेगी ही। सीबीआई ने बुलाया था उन्होंने जो पूछा उसका जवाब उन्हें दिया गया है। जबकि डॉक्टरों ने किसी तरह की कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। वहीं सीबीआई की तरफ से यह संकेत है कि अब जांच अपने अपने अंतिम रूप में पहुंच गई है।
यहां बता दें कि तारामण्डल इलाके के होटल कृष्णा पैलेस के कमरा नम्बर 512 में ही अपने दो दोस्तों के साथ ठहरे मनीष गुप्ता की पुलिस की मौजूदगी में मौत हो गई थी। चेकिंग करने होटल गई पुलिसवालों की पिटाई से मनीष की मौत का आरोप है। मनीष गुप्ता की पत्नी मीनाक्षी की तहरीर पर रामगढ़ताल थाना के इंस्पेक्टर जेएन सिंह समेत छह पुलिस वालों पर हत्या का केस दर्ज किया गया ओर इस मामले में जांच दो नवम्बर से सीबीआई कर रही है। सीबीआई की दो सदस्य गोरखपुर आए हुए हैं। उधर, जेल में बंद पुलिस वालों की 15 दिसम्बर को अदालत में पेशी है। इससे पहले होटल मालिक से सीबीआई की यह पूछताछ अहम मानी जा रही है।
घटना के तुरंत बांद पहुंचे थे होटल मालिक
होटल मालिक सुभाष शुक्ला घटना के करीब 20 मिनट के अंदर ही घटनावाली रात होटल पहुंच गए थे। उन्होंने सीसी फुटेज चेक किया था। फुटेज की कापी कराई थी। यही नहीं, मनीष गुप्ता की पत्नी मीनाक्षी ने होटल मालिक और कर्मचारियों पर भी मिली भगत का आरोप लगाया था। होटल के कमरे की सफाई कराई गई थी यह भी सामने आया था और सफाई होटल कर्मियों ने की थी। होटल कर्मचारियों का कहना था कि पुलिस ने ऐसा कराया था। आरोप यह भी है कि होटलवालों ने ही पुलिसवालों को बुलाया था। तमाम आरोपों के बीच सीबीआई होटल मालिक और कर्मचारी की भूमिका अपनी जांच में तय करेगी।

