
वाराणसी के पांडेयपुर स्थित मानसिक चिकित्सालय से हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर आरोपों में निरुद्ध बंदी हरिशंकर गुरुवार अलसुबह फरार हो गया। इस बात की जानकारी होने पर अस्पताल के कर्मचारियों ने उसके साथ बैरक में बंद कैदी इमाम अली (35) को मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप लगाया कि हरिशंकर के फरार होने में उसका हाथ था।
शुक्रवार रात हुई पिटाई से घायल इमाम अली को पं. दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मानसिक चिकित्सालय से फरार बंदी हरिशंकर 2020 में गैर इरादतन हत्या के मामले में बांदा में निरुद्ध हुआ था। अस्पताल कर्मियों को शक था कि हरिशंकर के फरार होने में इमाम अली मदद की है।
अस्पताल सूत्रों की मानें तो इमाम अली को मेडिकल बोर्ड आठ माह पहले ही स्वस्थ घोषित कर चुका है। लेकिन किसी कारण से उसे आज तक अस्पताल छोड़ा नहीं जा सका है। इमाम अली को फतेहपुर से यहां भेजा गया है।

