प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात जुलाई को छह घंटे के प्रवास पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर आ सकते हैं। इस दौरान पीएम मोदी करीब 18 सौ करोड़ रुपये की 45 परियोजनाओं की सौगात काशीवासियों को देंगे। पीएम के आगमन की तैयारियों में जुटे प्रशासन ने लोकार्पण और शिलान्यास की सूची तैयार कर ली है।
इसके साथ ही स्थानीय भ्रमण के कार्यक्रम पर भी प्रशासनिक कवायद अंतिम दौर में है। इसमें चार कार्यक्रम को प्रस्तावित किया गया है। पीएम 12 सौ 20 करोड़ रुपये की 13 परियोजनाओं का शिलान्यास करेेंगे और 591 करोड़ रुपये की 32 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
सिगरा स्पोर्टस स्टेडियम में होगी जनसभा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जुलाई महीने में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रुप देने में जुटा प्रशासन लोकार्पण और शिलान्यास वाली परियोजनाओं का ऑडियो विजुअल तैयार करा रहा है। पीएम मोदी की सिगरा के स्पोर्टस स्टेडियम में आयोजित होने वाली जनसभा में यह करीब चार मिनट का यह वीडियो प्रसारित किया जाएगा।

