होली को लेकर बाजारों में रौनक, हर्बल गुलाल की बढ़ी मांग
जौनपुर,28 फरवरी । यूपी के जौनपुर में रंगों का पर्व होली इस बार रंगभरी एकादशी से शुरू होकर मुख्य पर्व तक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। त्योहार नजदीक आते ही शहर से लेकर गांव तक बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। रंग, गुलाल और पिचकारियों से सजी दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। खास बात यह है कि इस वर्ष लोगों में हर्बल गुलाल के प्रति विशेष आकर्षण देखा जा रहा है।
शहर के प्रमुख बाजारों—ओलंदगंज, कोतवाली चौराहा, चहारसू चौराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा, लाइन बाजार और कचहरी क्षेत्र—में रंग-बिरंगे गुलाल और अबीर से दुकानें सजी हुई हैं। बच्चों के लिए आकर्षक पिचकारियां और पानी के टैंक भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस बार लोग केमिकल रंगों की बजाय त्वचा के अनुकूल हर्बल उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
होली के पारंपरिक व्यंजनों की तैयारी भी जोरों पर है। आलू, साबूदाना और मूंग के पापड़ के साथ-साथ चावल, मक्का और साबूदाना के चिप्स की दुकानों पर अच्छी बिक्री हो रही है। मैदा, रिफाइंड तेल और मसालों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग शहर पहुंचकर त्योहार से जुड़ी खरीदारी कर रहे हैं।
जिले के अन्य प्रमुख बाजारों—शाहगंज, खेतासराय, मछलीशहर, मड़ियाहूं, केराकत और जलालपुर—में भी होली की तैयारियां तेज हैं। इस वर्ष होलिका दहन 2 मार्च को तथा रंगोत्सव 4 मार्च को मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर लोगों में उत्साह और उमंग का माहौल है, जिससे बाजारों में रौनक चरम पर पहुंच गई है।

