नगर निगम, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं प्राधिकरण की संयुक्त टीम द्वारा नजूल भूमि पर स्थित नगर निगम के जर्जर एवं अस्थायी ढाँचों तथा 09 जर्जर दुकानों को सुरक्षित तरीके से गिराया गया
जिला संवाददाता डॉ अजय तिवारी
अयोध्या: नगर के चौक क्षेत्र में स्थित नजूल की भूमि पर पार्किंग सुविधा एवं दुकानों के निर्माण हेतु धर्मार्थ कार्य विभाग द्वारा वित्त पोषित परियोजना की स्वीकृति प्राप्त हुयी थी। उक्त परियोजना हेतु अयोध्या विकास प्राधिकरण को कार्यदायी संस्था नामित किया गया।
परियोजना हेतु चिन्हित नजूल भूमि का कुल क्षेत्रफल 9275.23 वर्ग मीटर है। प्रस्तावित योजना के अंतर्गत दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा, भू-तल, प्रथम एवं द्वितीय तल पर दुकानों का निर्माण तथा शीर्ष तल पर फूड कोर्ट की व्यवस्था का प्रावधान है।
प्राधिकरण द्वारा नजूल विभाग एवं नगर निगम के संयुक्त सर्वेक्षण के आधार पर कुल 189 प्रभावित संपत्तियों की पहचान की गई है, जिसमें दुकानें, चबूतरे एवं आवास सम्मिलित है। पूर्व सूचना के क्रम में दिनांक 12.06.2025 को नगर निगम, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं प्राधिकरण की संयुक्त टीम द्वारा नजूल भूमि पर स्थित नगर निगम के जर्जर एवं अस्थायी ढाँचों तथा 09 जर्जर दुकानों को सुरक्षित तरीके से गिराया गया।
परियोजना से प्रभावित लोगों हेतु पुनर्वास के प्राविधान किये गये है। जिसके अन्तर्गत चिन्हित दुकानदारों को नव-निर्मित व्यावसायिक संकुल में दुकान उपलब्ध कराये जाने के प्राविधान किया गया है। साथ ही साथ परियोजना के क्रियान्वयन के दौरान परियोजना स्थल से सटी भूमि पर उक्त दुकानदारों हेतु व्यायसायिक गतिविधि करने के लिए अस्थायी व्यवस्था करने के निर्देश के साथ-साथ आवासीय संरचानाओं को पुनर्वास के उपरान्त ही गिराये जाने के निर्देश दिये गये है।
यह परियोजना अयोध्या शहर की यातायात सुविधा, शहरी सौंदर्याकरण एवं व्यवस्थित व्यावसायिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस विशाल व्यवसायिक संकुल में 200 से अधिक दुकानें होगीं जो व्यापारियों को बेहतर अवसर तथा निवासियों को विश्वस्तरीय खरीदारी अवसर अनुभव प्रदान करेगी साथ ही साथ इस परियोजना से व्यस्ततम चौक बाजार में पार्किंग की समस्या का भी समाधान होगा।

