अयोध्या (संवाददाता) सुरेंद्र कुमार। अयोध्या प्रयागराज हाईवे मसौधा थाना पूरा कलंदर पर शुक्रवार की शाम हुए हादसे में घायल दो और लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, सैलून मालिक की मौत से नाराज डाभा सेमर के ग्रामीणों ने शनिवार की शाम अयोध्या प्रयागराज हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम के दौरान सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालात बिगड़ते देख पूरा कलंदर थाना पुलिस के बुलावे पर कई थानों की फोर्स के साथ एसडीएम सदर व सीओ अयोध्या सहित दर्जनों पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। जाम लगाए परिवारीजनों की मांग थी वाहन स्वामी के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए तथा मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाए। मौके पर उप जिलाधिकारी सदर व क्षेत्राधिकारी अयोध्या सहित पुलिस विभाग के कई अफसरों के आश्वासन देने के बाद लोग माने और जाम हटाया।शुक्रवार दोपहर बाद फैजाबाद शहर की ओर जा रही सफारी अयोध्या प्रयागराज हाईवे पर डाभा सेमर के पास डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम के सामने तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर डाभा सेमर के पास सैलून में घुस गई थी। हादसे में मोहनलाल तिवारी की शुक्रवार को ही मौत हो गई थी। जबकि घायल रघुवीर व करन निवासी गोपालपुर थाना पूराकलंदर की शुक्रवार की देररात को इलाज के दौरान मौत हो गई।शनिवार की शाम को रघुवीर के परिवारीजनों ने मुआवजे की मांग और दोषी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगा दिया। मामले में पूरा कलंदर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सेन सिंह ने बताया कि दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होगी और उचित मुआवजा दिलाने के संबंध में कार्रवाई जिला प्रशासन से शासन तक भेजी जाएगी। आश्वासन पाने के बाद धरना-प्रदर्शन कर रहे लोगों का गुस्सा शांत हुआ और आवागमन को सुचारू रूप से चलाया गया।

