कंपोजिट विद्यालय सिकरीडीह बुजुर्ग में बच्चों के सर्वांगीण विकास को लेकर हुई सार्थक चर्चा
गोरखपुर ब्यूरो चीफ आशुतोष चौधरी
उरुवा। कंपोजिट विद्यालय सिकरीडीह बुजुर्ग में लाइफ केयर फाउंडेशन की टीम ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक और शिक्षकों के साथ स्कूली बच्चों की शिक्षा व्यवस्था और सर्वांगीण विकास पर खुलकर चर्चा की। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनवर हुसैन सहित शिक्षकों शशि ओझा, अखिलेश्वर उपाध्याय, विकास सिंह, रंजन कुमार गुप्ता और दीपक कुमार ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में शिक्षकों ने बच्चों की नियमित उपस्थिति, अभिभावकों की जागरूकता, विद्यालय में संसाधनों की कमी तथा बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के बौद्धिक, शारीरिक और नैतिक विकास के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
लाइफ केयर फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बच्चों के हित में कार्य कर रही है। इस दौरान फाउंडेशन ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा के सहयोग से विद्यालय में स्कूली बच्चों के मेडिकल जांच शिविर लगाने के लिए शिक्षकों से सहयोग मांगा, जिस पर सभी ने अपनी सहमति जताई।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों ही बच्चों के उज्जवल भविष्य की आधारशिला हैं, और इस दिशा में सामूहिक भागीदारी से ही बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

