अयोध्या में चल रहे राममंदिर निर्माण के लिए विहिप काशी प्रांत के प्रयागराज स्थित कार्यालय से कुल 72.26 करोड़ की समर्पण निधि भेजी गई। समर्पण निधि में कुल 22.73 लाख लोगों ने अपना सहयोग मंदिर निर्माण के लिए दिया। बृहस्पतिवार को विहिप प्रांत कार्यालय केसर भवन में आयोजित कार्यक्रम में इसकी घोषणा की गई। इस दौरान स्वामी वासुदेवानंद और मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी की मौजूदगी में बताया गया कि मंदिर निर्माण के लिए विहिप की ओर से जो रसीद एवं कूपन काटे गए उसका फाइनल ऑडिट हो गया है।
दरअसल राममंदिर निर्माण में सभी की सहभागिता हो इसके लिए पिछले वर्ष ही संघ विचार परिवार की ओर से श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र निधि समर्पण अभियान के कूपन एवं रसीद के माध्यम से समर्पण निधि का संग्रह किया गया। हालांकि तब इस बात का खुलासा नहीं हो सका था कि विहिप काशी प्रांत द्वारा मंदिर निर्माण के लिए कितना संग्रह किया गया। उस दौरान 60 करोड़ से ज्यादा की धनराशि मंदिर निर्माण के लिए भेजे जाने का अनुमान लगाया गया था। उसके बाद विहिप की ओर से कूपन, रसीद आदि का ऑडिट करवाया गया। बैंकों में जमा किए जाने वाले चेक आदि को देखे जाने के बाद मंदिर निर्माण में काशी प्रांत की सहभागिता क्या रही, वह बृहस्पतिवार को सार्वजनिक कर दी गई।

