जौनपुर आयकर विभाग की गोरखपुर और वाराणसी की टीमों की जौनपुर जिले के ज्वेलरी शोरूम गहना कोठी, कीर्ति कुंज के शोरूम और इनके मालिकों के घरों पर दूसरे दिन भी जांच जारी है। सोमवार की सुबह साढ़े पांच बजे से टीमों की छापेमारी जारी है और अभी भी जरूरी दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। टीम ने रात भी वहीं गुजारी।
आयकर सहायक निदेशक (जांच) गोरखपुर और वाराणसी के अलावा 15 से अधिक गाड़ियों से अधिकारी, कर्मचारी व सुरक्षाकर्मी सोमवार की सुबह साढ़े पांच बजे शहर कोतवाली क्षेत्र में कीर्ति कुंज और गहना कोठी के मालिकों के शोरूम और घर पर पहुंचे थे। चहारसू स्थिति कीर्ति कुंज के मालिक के घर का दरवाजा आधे घंटे बाद खोला गया। इसके बाद टीम अंदर जाकर जांच-पड़ताल में जुट गई थी।
उधर रासमंडल स्थित गहना कोठी के मालिक के घर, कोतवाली चौराहे स्थित शोरूम और नखास स्थित शोरूम में टीम ने छापा मारा। टीम के अधिकारियों ने शोरूम बाहर से बंद कर दिया है। कीर्ति कुंज प्रतिष्ठान के मालिक नन्हे लाल वर्मा के दो बेटों को टीम गाड़ी में बैठाकर ले गई।
जनपद की पुलिस को दूर रखा
आयकर विभाग की टीम ने कार्रवाई से जनपद की पुलिस को दूर रखा। सुरक्षा के लिए टीम वाराणसी से अपने साथ पुलिस कर्मियों को ले आई थी। हालांकि कार्रवाई लंबी चलने की उम्मीद पर आयकर विभाग की टीम के एक सदस्य ने जनपद की पुलिस से संपर्क किया। आवश्यकता पड़ने पर 40 से अधिक पुलिस कर्मियों की मांग की।

