
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी गुरुवार को वाराणसी पहुंचे। सर्किट हाउस में उद्यमियों, व्यापारियों, टैक्स सलाहकारों के साथ संवाद किया। जीएसटी भुगतान में आ रही समस्या और सुझावों पर चर्चा की। व्यापारियों की मांग पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि वाराणसी में जल्द ही अलग सीजीएसटी (केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर ) कार्यालय का निर्माण कराया जाएगा।
संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरियों ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पीएम सबका साथ सबका विकास के तहत काम कर रहे हैं। आज लोगों की सोच बदल रही है। व्यापारियों की समस्याओं को देखते हुए एक देश एक टैक्स का निर्धारण किया गया है। इससे व्यापार बढ़ा है और उद्यमियों- व्यापारियों को भी सहूलियत मिली है।
बताया कि व्यापारियों को जीएसटी को लेकर तमाम तरह की विसंगतियां सामने आ रही हैं। इसलिए हम अलग-अलग जगह जाकर व्यापारियों के साथ बैठक कर यह जान रहे हैं कि उनको किस तरह की समस्याएं आ रही हैं। उनके सुझावों के आधार पर हम समस्याओं का समाधान करेंगे। अब तक 46 बैठक हो चुकी है। गलतफहमी और गलत जानकारी को दूर करने के लिए जोन स्तर पर बैठक की जा रही है। इस मौके पर व्यापारियों ने अपनी मांगों से मंत्री को अवगत कराया सुझाव भी दिए।

