गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर कृषि भूमि के हिस्से अलग-अलग लोगों को बेच दिए थे और कब्जा भी करा दिया था।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2025 को साबिर अली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि फरजाना और उसके बेटे मोहम्मद मुनब्बर ने ग्राम पावी सादकपुर स्थित उनकी मां की कृषि भूमि के फर्जी कागजात बनाकर जमीन बेच दी। विरोध करने पर आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देता था।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद मुनब्बर (25) को रविवार को दिल्ली के यमुना विहार से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी मां के साथ मिलकर फर्जी कागजात तैयार करने और जमीन बेचने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ ट्रोनिका सिटी थाने में जमीन धोखाधड़ी से जुड़े चार मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *