ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद पुलिस ने कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी के बड़े मामले में सहारनपुर के दो सगे भाइयों विनोद राणा और विशाल राणा की 37 चल-अचल संपत्तियां जब्त की हैं। सर्किल रेट के अनुसार इन संपत्तियों की कीमत करीब 13.58 करोड़ रुपये आंकी गई है।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के अनुसार 4 नवंबर 2025 को पुलिस ने इस गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार ट्रकों से 1150 पेटी कोडीन सिरप बरामद किया था, जिसकी कीमत करीब 3.40 करोड़ रुपये थी। उस दौरान 20 लाख रुपये नकद, एक कार, लैपटॉप, 10 मोबाइल, नशीली गोलियां और अन्य सामान भी बरामद किया गया था। अब तक इस मामले में 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी शुभम अभी फरार है।
जांच में सामने आया कि गिरोह गाजीपुर से गाजियाबाद तक सक्रिय था और अवैध फर्म बनाकर सिरप की सप्लाई करता था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने संपत्तियां अपनी पत्नियों और पिता के नाम पर खरीदी थीं, जिनमें कोठी, प्लॉट, कृषि भूमि, दो ट्रैक्टर और करीब 50 लाख रुपये कीमत की एक ग्लोस्टर कार शामिल है।
यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 68-F के तहत SAFEMA कोर्ट के आदेश के बाद की गई है। पुलिस ने आरोपियों की आयकर रिटर्न और संपत्ति का आकलन कर अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को जब्त किया है

