ब्यूरो चीफ/ सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद: गाजियाबाद में दमकल विभाग की ओर से जिले में सभी जगहों पर क्लब, कैफे, रेस्तरां और बैंक्वेट हॉल में अग्निशमन के प्रबंधों की जांच की जा रही है, यह अभियान हाल ही में गोवा के नाइट क्लब में हुए हादसे के बाद चलाया जा रहा है | जांच के दौरान यह पाया गया कि गाजियाबाद में लगभग 350 बैंक्वेट हॉल बिना फायर एनओसी के संचालित किये जा रहे हैं, दमकल विभाग की माने तो केवल 69 बैंक्वेट हॉल के पास ही एनओसी है| मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के अनुसार सबसे अधिक बैंक्विट हॉल, क्लब और रेस्तरां राजनगर के आरडीसी में है, इसके अलावा इंदिरापुरम और कौशांबी में भी काफी संख्या में बैंक्वेट हॉल और रेस्तरां है, सभी में जांच कर अग्निशमन प्रबंधों का जायजा लिया जा रहा है| अभी तक लगभग 25 बैंक्विट हॉल संचालकों को नोटिस जारी कर एक हफ्ते में दमकल व्यवस्था को पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं निर्देशों की अवहेलना करने पर विधिक कार्यवाही की जाएगी| मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार बैंक्विट हॉल और फार्म हाउस के लिए 500 वर्ग मीटर कवर्ड एरिया पर फायर एनओसी जरूरी है| इसके अलावा 15 मीटर ऊंचाई पर रेस्तरां, क्लब, कैफ़ें के लिए दमकल की एनओसी लेना जरूरी है तथा सभी के लिए दमकल के प्राथमिक प्रबंध रखना जरूरी है जिसमें उपकरण और प्रशिक्षण शामिल है| निकास और प्रवेश के अलग-अलग मार्ग होने चाहिए| जांच में पाया गया कि एनओसी लेने से बचने के लिए कई संचालकों ने लगभग 400से 450 वर्ग मीटर का एरिया ही कवर्ड किए हैं||

