ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमले के मामले में वांछित दोनों आरोपियों को पुलिस ने अलग-अलग मुठभेड़ों में मार गिराया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी सगे भाई थे और उन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। 48 घंटे के भीतर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई |
पुलिस जानकारी के मुताबिक 27 फरवरी को थाना लोनी क्षेत्र में सलीम वास्तिक पर पेपर कटर से जानलेवा हमला किया गया था। हमले में उनकी गर्दन और पेट पर वार किए गए। गंभीर रूप से घायल सलीम का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
मुख्य आरोपी जीशान को 1 मार्च को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया था। दूसरा आरोपी गुलफाम मंगलवार को थाना इंदिरापुरम क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में ढेर हुआ। दोनों आरोपी मूल रूप से अमरोहा के रहने वाले थे और गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में रहकर नोएडा की एक कंपनी में काम करते थे।
पुलिस कमिश्नर जे रविन्द्र गौड़ के अनुसार, सूचना मिली थी कि दूसरा आरोपी खोड़ा क्षेत्र में देखा गया है। क्राइम ब्रांच टीम ने घेराबंदी की, इस दौरान बाइक सवार आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी को गोली लगी, जबकि पुलिस के दो जवान भी घायल हुए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया पर सक्रिय थे और कथित रूप से कट्टर विचार साझा करते थे। पुलिस का कहना है कि यूट्यूबर द्वारा धर्म संबंधी मुद्दों पर बनाए गए वीडियो से नाराज होकर हमले को अंजाम दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

