ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : होली के मद्देनज़र यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने गाजियाबाद रीजन से 300 अतिरिक्त स्पेशल बसों के संचालन की घोषणा की है। ये सेवाएं शनिवार से कौशांबी बस अड्डे से शुरू कर दी गई हैं, ताकि दिल्ली-एनसीआर से पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों को सुगम यात्रा सुविधा मिल सके।
प्रारंभिक योजना के तहत 250 बसें संचालित की जानी थीं, लेकिन संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों की बैठक में बसों की संख्या बढ़ाकर 300 कर दी गई। परिवहन विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह से यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है। इसी के मद्देनज़र कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है तथा अवकाश अस्थायी रूप से निरस्त कर दिए गए हैं। स्पेशल बसों का संचालन 9 मार्च तक जारी रहेगा।
पूर्वांचल और पश्चिमी यूपी के लिए विशेष सेवाएं
कौशांबी बस अड्डे से लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर, बरेली, मेरठ, मैनपुरी, कासगंज, आगरा, गढ़, बुलंदशहर, खुर्जा, अलीगढ़ और मुरादाबाद सहित कई प्रमुख शहरों के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। गर्मी के मौसम और त्योहार के चलते एसी बसों की मांग अधिक है, और कौशांबी डिपो से संचालित अधिकांश एसी बसें पहले ही बुक हो चुकी हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए बस अड्डे पर अतिरिक्त हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। टिकट ऑनलाइन बुकिंग के साथ-साथ काउंटर से भी उपलब्ध रहेंगे।
रेलवे की अतिरिक्त तैयारी
होली के अवसर पर रेलवे प्रशासन ने भी यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 35 अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। इससे दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों से पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं अन्य राज्यों की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के इंतजाम
परिवहन विभाग ने भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। बस अड्डों पर अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की गई है और 24 घंटे निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

