गोरखपुर के राजन जायसवाल के नेतृत्व में टीम ने जीता यूनेस्को का ग्लोबल मीडिया एवं सूचना साक्षरता हैकाथॉन अवार्ड

संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन’ (UNESCO) संयुक्त राष्ट्र की एक विशेष एजेंसी है। यह शिक्षा, विज्ञान एवं संस्कृति के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से शांति स्थापित करने का प्रयास करती है।
यूनेस्को संयुक्त राष्ट्र सतत् विकास समूह (United Nations Sustainable Development Group – UNSDG) का सदस्य है। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों एवं संगठनों के इस समूह का उद्देश्य सतत् विकास लक्ष्यों को पूरा करना है।
विगत ग्यारह वर्षों की भांति इस वर्ष भी यूनेस्को द्वारा आयोजित ‘ग्लोबल मीडिया एवं सूचना साक्षरता सप्ताह 2022’ के अंतर्गत ‘ग्लोबल मीडिया एवं सूचना साक्षरता हैकाथॉन’ के विजेता टीम की सूची जारी की गई, जिसमें भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) के पूर्व छात्रों की टीम ‘व्हाइट-बोर्ड’ ने प्रथम स्थान हासिल किया है।

विदित हो कि संयुक्त राष्ट्र की विदेश एजेंसी द्वारा हर साल अक्टूबर माह के आखिरी सप्ताह में ‘ग्लोबल मीडिया एवं सूचना साक्षरता सप्ताह’ मनाया जाता है जिसके अंतर्गत दुनिया भर के अलग-अलग देशों में अनेक आयोजन किए जाते हैं। इस तरह के आयोजनो का मकसद लोगों को फेक-न्यूज़ और मिस-इंफॉर्मेशन (भ्रामक खबरें एवं जानकारियाँ) जैसी समस्याओं के बारे में बताने और इस तरह के गलत-तथ्यात्मक खबरों तथा सूचनाओं को फैलने से रोकने के लिए जागरूक करना होता है।

यूनेस्को के द्वारा पहला ‘ग्लोबल मीडिया और सूचना साक्षरता सप्ताह’ 2011 में मोरक्को में आयोजित किया गया था। संयुक्त राष्ट्र के इस पहल की मुख्य अवधारणा प्रत्येक व्यक्ति को सूचना और खबर की तथ्यात्मकता एवं सत्यता को परखने के योग्य बनाना है ताकि प्रत्येक नागरिक गलत एवं भ्रामक सूचनाओं को फैलने से रोक सके और आम आदमी तक सही सूचना पहुंच सके।

यूनेस्को द्वारा इस वर्ष 12वे ‘ग्लोबल मीडिया और सूचना साक्षरता सप्ताह’ का आयोजक देश नाइजीरिया को बनाया गया तथा 24 अक्टूबर से शुरू होकर 31 अक्टूबर तक प्रतिदिन मीडिया एवं सूचना क्षेत्र से जुड़े अनेक विषयों पर अलग-अलग देशों में अनेक संस्थाओं के साथ मिलकर गोष्ठियां आयोजित की गई।

इसके अलावा फेक-न्यूज़ तथा मिस-इनफार्मेशन को रोकने के लिए नए विचारों तथा तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए यूनेस्को द्वारा हर साल ‘ग्लोबल मीडिया एवं सूचना साक्षरता सप्ताह’ के दौरान ‘ग्लोबल हैकथॉन’ का भी आयोजन किया जाता है जिसमें पूरी दुनिया से अलग-अलग टीमें अपने नवाचार और नई तकनीक को प्रस्तुत करती हैं।
हर वर्ष की भांति इस बार भी इस ‘ग्लोबल मीडिया एवं सूचना साक्षरता हैकथॉन’ का आयोजन किया गया, इसमें 40 से ज्यादा देशों की 60 से ज्यादा टीमों ने हिस्सा लिया जिसमें ‘सूचना एवं मीडिया साक्षरता’ को बढ़ावा हेतु देने हेतु इन्नोवेटिव आइडिया प्रस्तुत करने के लिए भारत की ‘व्हाइट-बोर्ड’ टीम को प्रथम विजेता के रूप में चुना गया है। विगत 12 वर्षों से इस हैकथॉन का आयोजन होने के बाद इस वर्ष भारत को पहली बार बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। ‘व्हाइट-बोर्ड’ इस हैकथॉन को जीतने वाली पहली भारतीय टीम है।

प्रोजेक्ट व्हाइट-बोर्ड भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली के पूर्व छात्रों द्वारा संचालित एक मीडिया साक्षरता कार्यक्रम है जिसके तहत ग्रामीण भारत के अल्प-शिक्षित लोगों एवं युवाओं के बीच फेक-न्यूज़, मिस-इंफॉर्मेशन आदि को रोकने के लिए जागरूकता फैलाने का काम इस टीम के द्वारा किया जाता है। इस टीम में जुड़े हुए मुख्य सदस्य राजन जायसवाल, अनिकेत जाधव, विजयशील नायकर, अंकिता सोनी, तान्या कथूरिया और किंजल परमार है और यह सभी प्रतिभागी वर्तमान में अलग-अलग मीडिया संस्थानों में कार्यरत है।

टीम का नेतृत्व बांसगांव थाना क्षेत्र के कस्बा माल्हनपार गोरखपुर निवासी राजन जायसवाल पुत्र स्वर्गीय अशोक जायसवाल ने किया और वे इस जागरूकता कार्यक्रम को पिछले एक साल से गोरखपुर के ग्रामीण अंचल में संचालित कर लोगों को मीडिया, फेक न्यूज और मिसइंफॉर्मेशन के बारे में जागरूक कर रहे हैं।राजन की प्रारम्भिक शिक्षा माल्हनपार एवं इंटरमीडिएट भटवली इंटर कालेज से किया है। राजन की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *