चौकिया माता दर्शन करने आए किशोर की पोखरे में डूबने से मौत

चौकिया माता दर्शन करने आए किशोर की पोखरे में डूबने से मौत

जौनपुर,09 मार्च । यूपी के जौनपुर स्थित लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित चौकिया धाम में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। चौकियां माता के दर्शन करने आए तीन दोस्तों में से एक किशोर की धाम में बने
पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
कमलदीप कश्यप (15) पुत्र संतोष कश्यप निवासी दीवानगंज पट्टी, जनपद प्रतापगढ़ अपने दो दोस्तों के साथ चौकिया माता के दर्शन करने जौनपुर आया था। दर्शन करने के बाद तीनों दोस्त चौकिया धाम परिसर में स्थित पोखरे पर स्नान करने लगे। इसी दौरान अचानक कमलदीप का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूबने लगा।
दोस्तों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद किशोर को पोखरे से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल जौनपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही लाइन बाजार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
किशोर की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *