ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ। अलीगंज में पुरनिया रेलवे क्रॉसिंग ओवर ब्रिज के नीचे एम एस 141 के सामने पिछले छह महीने से स्ट्रीट लाइट खराब है जिसकी शिकायत महेंद्र सिंह पाहवा ने सीएम पोर्टल पर दो बार की। नगर निगम में खुद जाकर शिकायत की लेकिन अभी तक स्ट्रीट लाइट ठीक नहीं की गई जिससे घुप्प अंधेरा बना रहता है। पुल के नीचे अराजक तत्व घूमते फिरते रहते हैं। महेंद्र सिंह पाहवा ने बताया कि रात में अंधेरा होने के कारण अराजक तत्वों से भय बना रहता है, कहीं चोरी की आशंका बनी रहती है। तमाम प्रकार की असुविधाएं हो रही हैं, एक बार कर्मचारी आए भी और कह दिए कि बाबू जी ठीक हो गई है लेकिन जलती ही नहीं है। क्षेत्रवासियों का कहना है सिर्फ औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। समुचित समस्या का निस्तारण नहीं किया जा रहा है। डॉक्टर अनिल यादव, सनी पाहवा, श्रीमती सविता सिंह ने शीघ्र स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग की है। वहां के निवासी सनी पाहवा ने बताया कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन नगर निगम नहीं करा रहा है, इलाके में कूड़ा गाड़ी आती ही नहीं है। दूसरे चौराहे पर जाकर कूड़ा कलेक्शन सेंटर पर कूड़ा डालना होता है। नगर निगम की तरफ से इस क्षेत्र में कोई सुविधा नहीं दी जा रही है। तमाम शिकायतों के बावजूद कोई सुधार नहीं हो रहा है, पुल के नीचे दरवाजे के सामने तमाम दुकानें लगती है जहां शाम को अंधेरे का फायदा उठाकर लोग वहां पर जमा होते हैं और शराब का सेवन करते हैं। अराजक तत्वों से कोई उलझना नहीं चाहता इसलिए प्रशासन से बार-बार शिकायतें की जा रही है लेकिन समुचित निस्तारण नहीं हो रहा है।

