जफराबाद चेयरमैन प्रतिनिधि समेत तीन पर मुकदमा दर्ज, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
जौनपुर, यूपी के जौनपुर में जफराबाद थाना क्षेत्र में कब्र खोदने को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने आखिरकार तीसरे दिन चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. सरफराज खान समेत तीन लोगों के विरुद्ध शनिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया। मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। मखदूमपुर गांव स्थित कब्रिस्तान की जमीन पर 25 फरवरी को एक व्यक्ति के दफन को लेकर कब्र खोदने को लेकर विवाद हो गया था। शेखवाड़ा मोहल्ला निवासी शाह शब्बीर हुसैन उर्फ बबलू ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. सरफराज खान, रिजवान खान और तारिक खान उर्फ बाबू ने कब्र जेसीबी से खोदने की बात कही। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जानमाल की धमकी दी गई।
पीड़ित का आरोप है कि थाने में प्रार्थना पत्र देने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उल्टा दूसरे पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पीड़ित समेत अन्य लोगों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की। बाद में पीड़ित के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, जिसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चेयरमैन प्रतिनिधि समेत तीन लोगों के विरुद्ध तीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।इस मामले में थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ला ने दूरभाष पर बताया कि उनके निर्देश पर ही मुकदमा दर्ज किया गया है।

