जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बनने की सोच रखें : संदीप दूबे
लखनऊ। श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय (एसआरएमयू) के कंप्यूटर साइंस एवं इंफॉर्मेशन सिस्टम विभाग में आयोजित संवाद कार्यक्रम में शोधार्थी संदीप कुमार दूबे ने छात्रों से करियर और उद्यमिता को लेकर खुलकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने छात्रों को आत्मनिर्भर बनने और नई संभावनाओं की तलाश करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उन्होंने लगभग 100 छात्रों से संवाद स्थापित करते हुए उनके सवालों के जवाब दिए और अपने अनुभव साझा किए। दूबे वर्तमान में सीएसआईएस, एसआरएमयू से शोध कर रहे हैं तथा लंदन में अपनी सॉफ्टवेयर कंपनी का संचालन कर रहे हैं।
छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को केवल नौकरी की तलाश तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि ऐसी सोच विकसित करनी चाहिए जिससे वे खुद भी आगे बढ़ें और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार कर सकें। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ आत्मविश्वास और व्यावहारिक समझ भी सफलता के लिए बेहद जरूरी है।इंटरव्यू से जुड़े अनुभव साझा करते हुए उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि इंटरव्यू के दौरान आत्मविश्वास बनाए रखें और कोशिश करें कि चर्चा ऐसे विषयों की ओर जाए, जिन पर उनकी अच्छी पकड़ हो। इससे अपनी क्षमता और ज्ञान को बेहतर ढंग से प्रस्तुत किया जा सकता है।कार्यक्रम के अंत में विभागाध्यक्ष डॉ. बिनीत कुमार गुप्ता ने अतिथि का आभार व्यक्त किया और छात्रों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। कार्यक्रम के संचालन में तुषार त्रिवेदी और आयुष ने छात्र संयोजक के रूप में भूमिका निभाई।
इस अवसर पर प्राध्यापक मेघा अग्रवाल, शिल्पी शुक्ला, निर्भय तिवारी, जुलियस और हीना रब्बानी सहित विभाग के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

