जौनपुर जिलाधिकारी डा0 दिनेश चन्द्र सिंह की अध्यक्षता में मादक पदार्थों के अवैध व्यापार एवं रोकथाम के लिए गठित एन-कार्ड की जिला स्तरीय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।
बैठक में जिला आबकारी अधिकारी उमेश चन्द्र पाण्डेय द्वारा अवगत कराया गया कि पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा दुकानदारों, रेस्टोरेंटों में आकस्मिक निरीक्षण कर मादक पदार्थों का सेवन न करने के निर्देश दिये जा रहे है और बताया जा रहा है कि अपने प्रतिष्ठानों पर यथा संभव स्थान पर इस आशय का बोर्ड लगाया जाए और जनपद में विभिन्न स्थानों पर युवाओं को प्रतिबंधित दवाओ के प्रति जागरूक करने हेतु लिखित सामग्री सार्वजनिक स्थानों पर वितरण भी कराया जाए।
जिलाधिकारी द्वारा मेडिकल स्टोर की सतत निगरानी, गोमती घाट व अन्य घाटो पर, रेलवे स्टेशन के यार्ड, निस्प्रयोज्य इमारतें, घाट इत्यादि स्थानों पर निरंतर निगरानी किये जाने तथा पुलिस गस्त लगाये जाने के निर्देश दिये गये। इसके साथ ही उन्होंने नशा मुक्ति केन्द्र तथा ड्रग पीड़ितों के पुर्नस्थापन के सन्दर्भ में जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि स्कूलों व विश्वविद्यालय में इसके संबंध में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित की जाए, गोष्ठी आयोजित की जाए, उसमें संलिप्त लोगों की काउंसिलिंग भी की जाए।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगो को भी नशे से दूर रखने की शपथ दिलायी।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शहर, नगर मजिस्ट्रेट इन्द्रनन्दन सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डा0 गोरखनाथ पटेल, एलडीएम, आबकारी विभाग व पुलिस प्रशासन से जुड़े अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

