तंबाकू मुक्त युवा अभियान का सफल आयोजन

*तंबाकू मुक्त युवा अभियान का सफल आयोजन
देश की उपासना ब्यूरो धनंजय विश्वकर्मा
जौनपुर:उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर के प्रधानाचार्य प्रोफेसर आर0 बी0 कमल के दिशा निर्देश में आज “तंबाकू मुक्त युवा अभियान” का आयोजन अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम मनोचिकित्सा विभाग (Psychiatry Department) के विभागाध्यक्ष डाॅ. विनोद वर्मा एवं सामुदायिक चिकित्सा विभाग (Community Medicine Department) के विभागाध्यक्ष डाॅ. मुदित चौहान के संयुक्त कुशल नेतृत्व में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डाॅ.) आर. बी. कमल के प्रेरक उद्बोधन से हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है, और यदि हम उन्हें तंबाकू जैसी घातक आदतों से बचा लें, तो एक स्वस्थ और सशक्त भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, चिकित्सकों और स्टाफ से अपील की कि वे तंबाकू मुक्त समाज बनाने के लिए जनजागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
इसके पश्चात महाविद्यालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डाॅ.) ए. ए. जाफरी ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने तंबाकू के कारण उत्पन्न होने वाले रोगों जैसे कैंसर, हृदय रोग, और फेफड़ों की बीमारियों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू सेवन केवल व्यक्तिगत नुकसान नहीं, बल्कि यह पूरे परिवार और समाज पर स्वास्थ्य व आर्थिक बोझ बढ़ाता है। डाॅ. जाफरी ने युवाओं को प्रेरित किया कि वे “स्वस्थ रहें – दूसरों को स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करें” की भावना के साथ इस अभियान को आगे बढ़ाएँ।
इस अवसर पर डाॅ. विनोद वर्मा, विभागाध्यक्ष मनोचिकित्सा विभाग, ने तंबाकू सेवन के मानसिक एवं व्यवहारिक प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि व्यसन एक मानसिक रोग का रूप ले सकता है, इसलिए प्रारंभिक स्तर पर परामर्श और सहयोग आवश्यक है।
डाॅ. मुदित चौहान, विभागाध्यक्ष सामुदायिक चिकित्सा विभाग, ने कहा कि तंबाकू नियंत्रण केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं बल्कि एक सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्राम स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से इस अभियान को निरंतर जारी रखने पर बल दिया।
इस अवसर पर डाॅ. चंद्रभूषण सिंह पटेल, डाॅ. विनोद कुमार, डाॅ. चंद्रभान, डाॅ. नवीन, अन्य चिकित्सकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मरिज एवं उनके तीमारदार उपस्थित रहे। सभी ने “तंबाकू मुक्त जीवन – स्वस्थ जीवन” का संकल्प लिया तथा तंबाकू निषेध की शपथ ग्रहण की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *