तहसील शाहगंज स्थित रामलीला मैदान में आयोजित 02 दिवसीय शाहगंज महोत्सव का किया गया शुभारम्भ

तहसील शाहगंज स्थित रामलीला मैदान में आयोजित 02 दिवसीय शाहगंज महोत्सव का किया गया शुभारम्भ
जौनपुर 04 दिसम्बर, 2025 (सू0वि0)- तहसील शाहगंज स्थित रामलीला मैदान में आयोजित 02 दिवसीय शाहगंज महोत्सव का शुभारम्भ आज बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह का उद्घाटन मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा श्री धर्मवीर प्रजापति, मा० विधायक शाहगंज श्री रमेश सिंह, पूर्व गृहराज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, पूर्व सांसद कुवर हरिवंश सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा अजीत प्रजापति जिलाधिकारी डा० दिनेश चन्द्र तथा पुलिस अधीक्षक डा० कौस्तुभ सहित अन्य के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
महोत्सव स्थल पर पधारे समस्त अतिथिगण का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। तत्पश्चात सभी अतिथियों ने मिशन शक्ति के स्टॉल का निरीक्षण किया तथा विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की।
महोत्सव के प्रमुख आकर्षण सामूहिक विवाह समारोह में सभी जोड़ों का विधि-विधानपूर्वक विवाह सम्पन्न कराया गया। मा० राज्यमंत्री जी, मा० विधायक सहित अन्य अतिथियों ने नवविवाहित दंपतियों को आशीर्वाद प्रदान किया और उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों मे उत्कृष्ठ कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया।
मा० राज्यमंत्री श्री धर्मवीर प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा कि शासन गरीब परिवारों की बेटियों के हाथ पीले कराने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा आवास, गैस, शिक्षा, सामूहिक विवाह योजना तथा आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पाँच लाख रुपये तक की निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा सहित अन्य सूविधाए उपलब्ध कराकर आमजनमानस को राहत प्रदान की गई है।
मा० विधायक शाहगंज श्री रमेश सिंह ने शाहगंज महोत्सव के सफल आयोजन हेतु जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगी संस्थाओं को धन्यवाद ज्ञापित किया।
जिलाधिकारी डा० दिनेश चन्द्र ने कहा कि शाहगंज महोत्सव के अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा से सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जोडो की पहचान बायोमेट्रिक विधि से सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने कहा कि वे इस मंच पर जिलाधिकारी के रूप में नहीं, बल्कि बेटियों के अभिभावक के रूप में उपस्थित हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक जोड़े को एक पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का कार्य भी संचालित है। उन्होंने सभी उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे अपने गणना प्रपत्र अवश्य भरें, ताकि यह महत्वपूर्ण कार्य समय से पूर्ण कराया जा सके।
महोत्सव के दौरान विभिन्न कलाकारों द्वारा शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनसे समूचा वातावरण मंगलमय एवं आनंदमय हो उठा। मंच संचालन के दौरान अन्य अतिथियों ने भी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।
महोत्सव में 631 जोड़ो ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें करीब 587 जोड़ो का विवाह सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, उपजिलाधिकारी कुणाल गौरव, पी0डी0 के0 के0 पाण्डेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा0 गोरखनाथ पटेल, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेन्द्र विश्वकर्मा, सहित अन्य सम्मानित जनप्रतिनिधिगण और अधिकारीगण और आमजनमानस उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *