दो दिनों के अथक प्रयास के बाद SDRF ने नहर से बरामद किया राधेश्याम का शव
सुलतानपुर। जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र के उत्तर गांव निवासी राधेश्याम साहू (42), जो बीते बृहस्पतिवार से लापता थे, उनका शव शनिवार को टिकरिया पुल के पास नहर से बरामद कर लिया गया है। एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने दो दिनों तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद शव को नहर के पुल में फंसी हुई अवस्था में खोज निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राधेश्याम साहू पुत्र मंगरु प्रसाद साहू निवासी उत्तर गांव थाना कुड़वार में सिलाई का काम कर अपना घर चलाते थे। बृहस्पतिवार को वह दुकान से शौच जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटे। चिंतित दुकान मालिक और परिजनों ने जब तलाश शुरू की, तो उनकी मोटरसाइकिल बंधुआ कला थाना क्षेत्र के अलीगंज पुलिस चौकी के अंतर्गत पूरे बेनीराय टिकरिया पुल के मध्य नहर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी मिली थी। इसी बात को लेकर आशंका जताई जा रही थी कि शौच के बाद पानी छूने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नहर में गिर गए होंगे। इसी बात को ध्यान में रखकर पहले स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई, किंतु सफलता न मिलने पर प्रशासन ने एसडीआरएफ टीम बुलाने का निर्णय लिया। स्थानीय प्रशासन द्वारा,शुक्रवार प्रातः 9:00 बजे के क़रीब अभियान की कमान एसडीआरएफ टीम का नेतृत्व कर रहे श्री नर्मदेश्वर मिश्र को सौंपी। नर्मदेश्वर मिश्र ने शुक्रवार एवं शनिवार दो दिनों तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।ऑपरेशन के दूसरे दिन शनिवार को लाश बरामदगी के के रूप में सफलता मिली। नर्मदेश्वर मिश्र ने बताया कि ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने जानकारी दी कि
शव नहर के पुल के नीचे गहराई में फंसा हुआ था, जिस कारण सटीक स्थान का अंदाजा लगा पाना मुश्किल हो रहा था। लेकिन हमारी टीम ने इसे एक चुनौती के रूप में लिया और दो दिनों के निरंतर परिश्रम के बाद आखिरकार शव को बरामद करने में सफलता प्राप्त की।
शव मिलने की खबर जैसे ही गांव पहुँची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। एसडीआरएफ टीम के इस साहसिक और समर्पित कार्य की स्थानीय प्रशासन व ग्रामीणों ने काफी सराहना की ।

