ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा के सेक्टर-71 स्थित एक संस्थान में गेस्ट टीचर के रूप में कार्यरत साइकोलॉजिस्ट पर स्ट्रीट डॉग के हमले का मामला सामने आया है। कुत्ते के काटने से महिला घायल हो गई। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद संस्थान की ओर से इलाज कराने का आश्वासन दिया गया, लेकिन बाद में जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया गया।
दिल्ली के यमुना विहार निवासी लवली शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले तीन महीनों से एक फाउंडेशन में गेस्ट टीचर के रूप में आ रही थीं। 6 मार्च को सुबह करीब 11 बजे जब वह सेंटर पहुंचीं, तभी परिसर में मौजूद एक स्ट्रीट डॉग ने उन पर हमला कर दिया और हाथ पर काट लिया।
पीड़िता का आरोप है कि सेंटर के इंचार्ज ने इलाज का खर्च उठाने से इनकार कर दिया और कहा कि कुत्ता उनका नहीं है। इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर थाना फेस-3 पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

