ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा में पुलिस ने क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी करने वाले एक बड़े हाई-टेक सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। नोएडा पुलिस की सेक्टर-113 थाना पुलिस और CRT/SWAT-2 टीम के संयुक्त ऑपरेशन में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरोह ने 5 मार्च को हुए भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच पर ज़ूम ऐप के जरिए बड़े पैमाने पर सट्टा लगवाया था। इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड दिल्ली निवासी विनय सहगल बताया गया है, जो ऑनलाइन ‘खाई-बाड़ी’ के जरिए सट्टेबाजी का संचालन कर रहा था।
आरोपियों ने नोएडा में कॉल सेंटर जैसा सेटअप बनाकर पूरे नेटवर्क को संचालित किया हुआ था। पुलिस ने इनके कब्जे से 32 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 3 टैबलेट, 3 डेस्कटॉप, असेंबल लाइन बॉक्स और आईसी रिकॉर्डर बरामद किए हैं।
जांच में सामने आया है कि इस सट्टेबाजी गिरोह का नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ पंजाब और Nepal तक फैला हुआ था। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों और अन्य कनेक्शन की जांच कर रही है।

