नोएडा में युवती की आत्महत्या का सनसनीखेज मामला आया सामने, ब्लैकमेलिंग के आरोप में तीन पर हुआ केस दर्ज

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा के थाना फेज-3 क्षेत्र में एक युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। परिजनों ने तीन लोगों पर ब्लैकमेलिंग और आर्थिक शोषण का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक महिला समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 21 फरवरी 2026 को युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अंतिम संस्कार के बाद 27 फरवरी को परिजनों ने थाना फेज-3 में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
परिजनों का आरोप है कि तीन लोग युवती को उसकी कथित फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे और उससे पैसे भी वसूल रहे थे। परिवार ने आरोपियों द्वारा भेजे गए व्हाट्सऐप चैट और कुछ वीडियो पुलिस को सबूत के तौर पर सौंपे हैं।
हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में अब तक ब्लैकमेलिंग से संबंधित ठोस साक्ष्य सामने नहीं आए हैं। पुलिस का कहना है कि न तो कोई आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुआ है और न ही ऐसा स्पष्ट प्रमाण मिला है, जिससे ब्लैकमेलिंग के आरोपों की पुष्टि हो सके। जांच में यह भी सामने आया है कि मृतका और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आर.के. गौतम ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *