पूर्वांचल में 380 केंद्रों पर परीक्षा, पहली पाली में करेंट अफेयर्स से पूछे गए ज्यादा सवाल

राज्य स्तरीय संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा आज पूर्वांचल के 10 जिलों के 380 केंद्रों पर हो रही है। पहली पाली की परीक्षा दोपहर 12 बजे खत्म हुई। दूसरे पाली की परीक्षा दो बजे से शुरू होकर पांच बजे तक चलेगी। वाराणसी जिले के 108 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 70 फीसदी अभ्यर्थी उपस्थित रहे। अभ्यर्थी ने बताया कि करेंट अफेयर्स से कई सवाल पूछे गए थे। लोगों के दिवस विशेष और मुख्यालयों से जुड़ी जानकारियां काफी पूछी गईं। प्रथम पाली की परीक्षा में सामान्य अध्ययन और गणित, विज्ञान, वाणिज्य और सामाजिक विज्ञान आदि विषयों के पेपर हुए। परीक्षा कक्षों में सीसी कैमरे की निगरानी जिला और राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से की जा रही है। परीक्षा केंद्रों से 500 मीटर के दायरे में काफी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षा का आयोजन महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली द्वारा कराया जा रहा है। वाराणसी जिले में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ को नोडल सेंटर बनाया गया है। नोडल केंद्र काशी विद्यापीठ में 27,400 और बीएचयू को 18 हजार 61 परीक्षार्थियों की परीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। वाराणसी में दो पालियों में  45461 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं पूरे पूर्वांचल के 10 जिलों में  1,62,178 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बुधवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच केंद्रों पर पेपर पहुंचाया गया। शासन स्तर पर नियुक्त पर्यवेक्षक केंद्रवार परीक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। प्रवेश परीक्षा को लेकर खुफिया एजेंसियां सतर्क हैं। सुबह 9 से 12 बजे तक होने वाली प्रवेश परीक्षा में सामान्य ज्ञान एवं हिंदी/अंग्रेजी भाषा के पेपर हैं। दूसरे चरण में दोपहर दो से शाम पांच बजे तक अभिरुचि परीक्षण  और कला, विज्ञान, वाणिज्य और कृषि वर्ग की परीक्षा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *