प्राण प्रतिष्ठा को लेकर समूची अयोध्या रही छावनी में तब्दील
मीडिया कार्ड धारकों को सुरक्षा कर्मियों ने भेजा वापस
चप्पे-चप्पे पर रही सुरक्षा कर्मियों व खूफिया तंत्र की नजर
अयोध्या।कई सदियों से लोगों का सपना आज उस समय पूरा हुआ जब शुभ मुहूर्त के मुताबिक आज सोमवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हजारों आमंत्रित संत महात्मा व अन्य अतिथियों के मौजूदगी में प्रभु श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा भव्य दिव्य व अलौकिक मंदिर में किया। इस क्षण की सिर्फ भारत की ही नहीं बल्कि पूरे विश्व की नजर टिकी हुई थी। इस मौके पर कोई भी किसी प्रकार की बाधा आतंकी संगठनों व अराजक तत्वों द्वारा न उत्पन्न हो इसके लिए कई दिनों से पुलिस के आलाधिकारी सुरक्षा की रणनीति बनाते हुए दिखाई दे रहे थे।जिसकी समीक्षा खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर रहे थे। प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त रही।यहां तक कि जिन पत्रकारों के प्रधानमंत्री कार्यक्रम को लेकर सूचना विभाग द्वारा पास जारी हुआ था उन्हें भी सुरक्षा कर्मियों ने अयोध्या के अंदर नहीं जाने दिया।चप्पे-चप्पे पर पुलिस द्वारा बैरियर व बैरिकेडिंग लगाकर यहां तक कि साइकिल से अयोध्या की ओर जाने वाले लोगों को वापस करते हुये दिखाई दे रहे थे। जबकि पैदल उन्हीं लोगों को जाने दिया जा रहा था जो अयोध्या के निवासी हो और उनके पास परिचय पत्र भी हो।अगर देखा जाए तो पुलिस उदया चौराहा, टेढ़ी बाजार, हनुमान गढ़ी, रानोपाली, चूड़ामणि चौराहा, देवकाली बाईपास, लता मंगेशकर चौराहा,राम की पैड़ी, देवकाली तिराहा, साहबगंज, साकेत पुरी सहित अन्य चौराहों पुलिस का सख्त पहरा रहा।लोगों को सुरक्षा कर्मी अयोध्या के अंदर नहीं जाने दे रहे थे। जिससे यही लग रहा था कि आज शहर में अघोषित कर्फ्यू लगा हुआ हो।बताते चलें कि प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को लेकर हाई एलर्ट जारी किया गया था। जिसके चलते राम नगरी की सड़कें सूनी दिखाई दे रही थी।वही सुरक्षा की दृष्टि से जहां एक ओर दस हजार सीसीटीवी कैमरों की मदद से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी वहीं तीन डीआईजी, डीजीपी मुख्यालय से 31 आईपीएस,44 एएसपी,140 सीओ, 208 निरीक्षक,1196 उपनिरीक्षक,5 हजार मुख्य आरक्षी,26 कंपनी पीएसी,7 कंपनी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के अलावा एटीएस,एनएसजी, रैपिड एक्शन फोर्स, एनडीआरएफ,सेना के जवान के साथ साथ साथ पर्याप्त संख्या में खूफिया एजेंसी के कर्मी प्रमुख मार्गों,वाच टावर व छतो पर मुस्तैद दिखाई दिखे। वही आसमान से ड्रोन कैमरे व हेलीकॉप्टर से भी निगरानी की जा रही थी।

