प्रोस्टेट कैंसर को लेकर मेदांता अस्पताल ने चलाया जागरूकता अभियान
* पुरुषों से चुप्पी तोड़ने की अपील, मेदांता ने शुरू किया प्रोस्टेट कैंसर जागरूकता अभियान
* *स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही पड़ सकती है भारी
लखनऊ, 9 जनवरी, 2026: झिझक और जानकारी की कमी के कारण अक्सर पुरुष समय पर जांच नहीं कराते। यह लापरवाही कई बार बीमारी गंभीर रूप ले लेती है। इन्हीं सब चीजों को ध्यान में रखते हुए मेदांता कैंसर इंस्टिट्यूट, लखनऊ में प्रोस्टेट कैंसर को लेकर जागरूकता अभियान ‘सोचो मत, बात करो’ की शुरुआत की गई। इस पहल का मकसद पुरुषों को प्रोस्टेट से जुड़ी समस्याओं के बारे में खुलकर बात करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसका उद्घाटन मेदांता हॉस्पिटल लखनऊ के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर और सरोजिनी नगर से विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने किया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में आए आम लोगों के लिए एक मिनट की स्क्रीनिंग सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे शुरुआती स्तर पर बीमारी की पहचान संभव हो और लोग इस बारे में जागरूक भी रहें। इसके अलावा विशेषज्ञों की पैनल चर्चा हुई जिसमें इसके लक्षण और उपचार को लेकर बातचीत की गई साथ ही फिटनेस गेम्स भी आयोजित किए गए, ताकि लोग स्वास्थ्य को लेकर सजग रहें।
इस अवसर पर डॉ. राकेश कपूर ने कहा, “प्रोस्टेट कैंसर का समय पर पता चल जाए तो इसका इलाज पूरी तरह संभव है। कई बार पुरुष अपनी दिक्कतों को नजरअंदाज करते हैं या खुलकर बात नहीं करते। ‘सोचो मत, बात करो’ अभियान के जरिए हम यही संदेश देना चाहते हैं कि सही समय पर डॉक्टर से बात करना ही बचाव की सबसे बड़ी तैयारी है।”
मेदांता कैंसर इंस्टिट्यूट का यह अभियान आम लोगों की भाषा में स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी पहुंचाने और डर व भ्रम को दूर करने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है।

