बच्चों को बेहतर तालीम दे कर बढ़ाएं अपने समाज का नाम , मौलाना हसन अकबर

जौनपुर। पत्रकार तामीर हसन शीबू के बड़े भाई आदिल ताज ताजवर की मजलिस शहर के पोस्तीखाना ख़्वाजादोस्त स्थित इमाम बाड़ा मीर सखावत हुसैन में बीतीरात हुई। जिसमें समाज के सभी प्रबुद्ध वर्ग के लोगों की उपस्थिति रही है। मजलिस में सोज़खानी गौहर अली जैदी और उनके साथियों ने किया, वही पेशखानी को अंजाम दिया अख्तर अब्बास और कैफ़ी रन्नावी ने। बाद खत्म पेशखानी पूर्वांचल के मशहूर मौलाना हसन अकबर रन्नावी सचिव आल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने मजलिस को खिताब करते हुए कहा कि आज के समय में सबसे पहले अपने बच्चों को बेहतर तालीम देने की जरूरत है। अपने समाज के बेटे, बेटियां जब उच्च तकनीकी की टेक्निकल शिक्षा हासिल करेंगे, तो इससे अपने समाज, देश और प्रदेश का नाम रोशन होगा।
मौलाना ने कहा कि तालीम एक ऐसी चीज है, जिसे ना कोई कभी चुरा सकता है, और ना ही उसका कोई भी हुकूमत बंटवारा कर सकती है।
लिहाजा अपने खुद के सभी दुख दर्द को भूलकर समाज के गरीब, जरूरतमंद , असहाय बच्चों को हाईटेक शिक्षा देने के लिए लोगों को आगे आना चाहिये।
आज के बदलते हालात में मोबाइल के बढ़ते चलन पर बेहद ही अफसोस जाहिर करते हुए मौलाना हसन अकबर ने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि अभिभावक अपने परिवार के छोटे-छोटे बच्चों, बेटियों के हाथों में मोबाइल दे देते हैं । जिसका गलत उपयोग करने से स्वास्थ्य और समाज में प्रभाव पड़ता है।
मौलाना ने कहा कि मोबाइल का इस्तेमाल तालीम हासिल करने, देश दुनिया से जुड़ी तमाम जानकारियां और जनरल नॉलेज बढ़ाने के लिए किया जाय तो वह बेहतर होगा।
मौलाना ने कौम के लोगो से अपील की है कि आने वाली 18 तारीख को ज्यादा से ज्यादा तादाद में ईद ए गदीर बनाए और नए लिबास जरूर पहने
बाद मजलिस मौलाना ने हजरत अब्बास के मसायब जैसे ही पढ़ना शुरू किया तो वहां मौजूद लोगों की आंखों से आंसू आ गया और पूरा माहौल गमगीन हो गया।
मजलिस खत्म होने के बाद अंजुमन जाफरिया रजी.ताड़तला ने नौहा मातम किया तथा उपस्थित लोगों के बीच तबर्रुक वितरित किया गया।
मजलिस के अंत में पत्रकार तामीर हसन शीबू ने आए हुए लोगों के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *