बाल कृष्ण द्विवेदी जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ। राजकीय जुबली इंटर कालेज में आयोजित 51वीं बाल विज्ञान प्रदर्शनी (पुराना नाम जवाहर लाल नेहरू विज्ञान प्रतियोगिता) की मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में श्री अयोध्या सिंह मेमोरियल इंटर कालेज चिनहट लखनऊ के कक्षा 10 के छात्र बाल कृष्ण द्विवेदी जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किए गए हैं। लखनऊ मंडल के समस्त जिलों से विभिन्न विद्यालयों से करीब 92 बच्चों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। विद्यालय की प्रबंधक शैल सिंह ने बाल कृष्ण को बधाई देतेे हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए गर्व की बात है कि हमारे विद्यालय (श्री अयोध्या सिंह मेमोरियल इंटर कालेज चिनहट लखनऊ ) के छात्र बहुआयामी व्यक्तित्व रखते हुए पढ़ाई के साथ-साथ अपनी वैज्ञानिक सोच को भी प्रदर्शित करने में सफल हो रहे हैें। बच्चों की नवीन वैज्ञानिक सोच ही नवीन भारत का निर्माण करने में सक्षम होती है। इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मैं आशा करती हूँ कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी यह बच्चे अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। विद्यालय की प्रधानाचार्या पूजा सिंह ने भी बाल कृष्ण को उसके प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 12 से 15 दिसंबर के बीच पारकर इंटर कालेज मुरादाबाद में आयोजित होगी।

