
भारतीय सेना में भर्ती के नए प्रारूप अग्निपथ योजना के विरोध में गुरुवार को बिहार में युवाओं ने उग्र प्रदर्शन किया। भभुआ स्टेशन पर पटना-इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगा दी। वहीं आरा रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस में तोड़फोड़ की गई। यहीं नहीं युवाओं ने रेल रूट बाधित कर दिया।
उपद्रव के कारण पीडीडीयू नगर-गया रेल रूट पर दिन में 11.40 से डेढ़ बजे तक परिचालन बाधित रहा। वाराणसी-पीडीडीयू नगर आने वाली कई ट्रेनों को रोकी दिया गया। ट्रेनें जहां-तहां खड़ी रहीं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वाराणसी से होकर जाने वाली रौनी-गोंदिया एक्सप्रेस छपरा स्टेशन पर और दिल्ली जाने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस को भटनी स्टेशन पर रोक कर रखा गया। हंगामे के कारण पटना-पीडीडीयू पैसेंजर को रद्द किया गया। हालांकि शाम साढ़े तीन बजे रूट क्लीयर हुआ और ट्रेनों का आवागमन बहाल हुआ। वाराणसी स्टेशन, पीडीडीयू नगर जंक्शन और पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल से आरपीएफ और जीआरपी को हाई अलर्ट किया गया है।अग्निपथ योजना का विरोध कर रहे छात्रों ने पीडीडीयू नगर-गया रेल रूट पर भभुआ रोड स्टेशन पर खड़ी पटना इंटरसिटी में सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर आग लगा दी। वहीं स्टेशन पर तोड़फोड़ की। इससे यह रूट बाधित हो गया। इस कारण डाउन की ओर जाने वाली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन दुर्गावती स्टेशन पर खड़ी हो गई।डेढ़ बजे रूट खुलने पर पुरुषोत्तम एक्सप्रेस को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इसी तरह पटना रूट बाधित होने की वजह से मगध एक्सप्रेस दिलदारनगर में, श्रमजीवी एक्सप्रेस आरा में, अहमदाबाद-बरौनी एक्सप्रेस लगभग डेढ़ घंटे स्थानीय स्टेशन पर खड़ी रही। वहीं नई दिल्ली-गुवाहाटी पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस, पाटलीपुत्र-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, मुंबई-आसनसोल एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल, इंदौर पटना एक्सप्रेस जहां तहां खड़ी रहीं। ट्रेनों के न चलने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री रेल प्रशासन के कोसते नजर आए।पीडीडीयू नगर रेल मंडल में सतर्कता बढ़ा दी गई। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष मिश्र ने स्वयं इसकी कमान संभाली है। पीडीडीयू स्टेशन पर दिन भर आरपीएफ और जीआरपी के जवान गश्त करते रहे।

