बीएल संतोष ने कहा- एक मतदाता सूची से हों निकाय, पंचायत और विधानसभा चुनाव

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष ने कहा कि प्रदेश सरकार ओबीसी आरक्षण के बिना निकाय चुनाव नहीं कराएगी। ओबीसी आरक्षण के साथ ही आगामी दिनों में चुनाव कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की विशेष अनुज्ञा याचिका सुप्रीम कोर्ट में स्वीकार हो गई है। सरकार की ओर से सर्वोच्च न्यायालय में ओबीसी आरक्षण के साथ चुनाव कराने की मंजूरी देने के लिए पुरजोर पैरवी की जाएगी।

इसके साथ ही संतोष ने कहा कि प्रदेश में नगरीय निकाय, पंचायतीराज और विधानसभा चुनाव की एक मतदाता सूची तैयार कराई जाए। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव तो मौजूदा मतदाता सूची से कराए जाएंगे लेकिन पंचायत चुनाव से यह व्यवस्था लागू होनी चाहिए।

निराला नगर स्थित भाजपा के अवध क्षेत्र में आयोजित पार्टी की बैठक में बीएल संतोष ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी वहां की भाजपा सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय की अनुमति से ओबीसी आरक्षण के साथ ही चुनाव कराए हैं। जबकि कुछ गैर भाजपा शासित राज्यों ने ओबीसी आरक्षण के बिना चुनाव कराए है। उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी दल ओबीसी आरक्षण को लेकर भाजपा को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन पार्टी ने साफ किया है कि वह पिछड़े वर्ग के हितों के साथ अन्याय नहीं होने देगी। बैठक में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, अमरपाल मौर्य, विधायक आशुतोष टंडन, नीरज बोरा और पुष्कर शुक्ला मौजूद थे।

चुनाव कभी भी हो, तैयारी मजबूत रखें
बीएल संतोष ने कहा कि आगामी छह महीने में निकाय चुनाव कराए जाएंगे। लेकिन कार्यकर्ताओं को चुनाव कभी भी हो उसके लिए मजबूती के साथ तैयार रहना है। उन्होंने लखनऊ महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा से निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में नए मतदाताओं को जोड़ने, अवांछित मतदाताओं के नाम हटवाने, बूथ समितियों के गठन को लेकर जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर सशक्त टीम गठित करें और उसे सक्रिय रखें। चुनाव कराना बूथ कमेटी की जिम्मेदारी होती है इसलिए वह मजबूत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विधायक भी बूथ पर जाकर प्रवास करें और बूथ की कमेटी के सदस्यों के साथ स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं पर संवाद करें।

सोशल मीडिया पर सक्रिय रहें
बीएल संतोष ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनाव में बूथ स्तर तक सोशल मीडिया की सक्रिय टीम बनाई थी लेकिन उसके बाद शिथिलता आ गई। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहें। पार्टी और सरकार के कार्यक्रमों को जनता के बीच पहुंचाएं।

निकाय और विधानसभा चुनाव की एक मतदाता सूची तैयार कराए सरकार
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने कहा कि प्रदेश में नगरीय निकाय, पंचायतीराज और विधानसभा चुनाव की एक मतदाता सूची तैयार कराई जाए। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव तो मौजूदा मतदाता सूची से कराए जाएंगे लेकिन पंचायत चुनाव से यह व्यवस्था लागू होनी चाहिए।

निराला नगर स्थित भाजपा के अवध क्षेत्र कार्यालय में आयोजित लखनऊ महानगर की कार्यसमिति की बैठक में बीएल संतोष को बताया गया कि प्रदेश में निकाय और विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची अलग-अलग है। उन्हें बताया कि अलग-अलग मतदाता सूची के साथ मतदान बूथ भी अलग-अलग होते हैं इससे बूथ समितियों के गठन से लेकर पन्ना प्रमुख बनाने में भी दिक्कत होती है।

बीएल संतोष ने बैठक में मौजूद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से कहा कि निकाय, पंचायत और विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची एक होनी चाहिए। सरकार को इसके लिए कैबिनेट और विधानसभा स्तर से जो प्रस्ताव तैयार करना है वह किया जाए। उल्लेखनीय है कि इसको लेकर प्रदेश में समय-समय पर कवायद शुरू की गई। लेकिन मामला अभी तक आगे नहीं बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *