बीबीएयू : AI व डेटा साइंस पर विशेषज्ञ संगोष्ठी का आयोजन

बीबीएयू : AI व डेटा साइंस पर विशेषज्ञ संगोष्ठी का आयोजन

लखनऊ। कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल के नेतृत्व में बीबीएयू के कंप्यूटर इंजीनियरिंग विभाग में आज “आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस एवं डेटा साइंस” पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के स्कूल ऑफ कंप्यूटर एंड सिस्टम साइंसेज़ के प्रो. टी. वी. विजय कुमार ने विद्यार्थियों को AI और डेटा साइंस के क्षेत्र में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

प्रो. विजय कुमार ने अपने व्याख्यान में आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस की वर्तमान प्रासंगिकता, इसके विविध अनुप्रयोग, मशीन लर्निंग, बिग डेटा एनालिटिक्स, और डेटा आधारित निर्णय निर्माण की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार व अनुसंधान के लिए प्रेरित करते हुए तकनीकी चुनौतियों का सामना करने के सुझाव भी दिए।

कार्यक्रम की शुरुआत कंप्यूटर इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र पाण्डेय के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने प्रो. विजय कुमार का अभिनंदन करते हुए संगोष्ठी के शैक्षणिक महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. मंगलदीप गुप्ता (कोऑर्डिनेटर, कंप्यूटर इंजीनियरिंग), डॉ. वंदना पांडेय और डॉ. प्रोमिला बहादुर ने विशेष भूमिका निभाई।

संगोष्ठी में आईटी विभाग के प्रो. आर. ए. खान, डॉ. राजश्री, डॉ. पी. के. चौरसिया, डॉ. अलका, डॉ. अमित सिंह और डॉ. अभिषेक वर्मा भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में पीएचडी शोधार्थी और बी.टेक. कंप्यूटर इंजीनियरिंग के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और विशेषज्ञ से ज्ञानवर्धक संवाद किया।
यह संगोष्ठी विद्यार्थियों को AI व डेटा साइंस की नवीनतम तकनीकी प्रवृत्तियों से अवगत कराने के साथ भविष्य की डिजिटल दुनिया में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण मंच बनी। इसके माध्यम से छात्रों का तकनीकी ज्ञान और अनुसंधान के प्रति उत्साह बढ़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *