भाजपा अध्यक्ष व कई प्रदेशो के सीएम व डिप्टी सीएम के राम नगरी आने पर सुरक्षा के घेरे में रही अयोध्या 

अयोध्या।(राजेश श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ अयोध्या)पूर्व नियोजित कार्यक्रम के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अगुवाई में बुधवार को 8 प्रदेशों के मुख्यमंत्री व 4 राज्यों के डिप्टी सीएम के सपरिवार राम नगरी अयोध्या दौरे को लेकर एयरपोर्ट से होटल और रामनगरी तक कड़े सुरक्षा इंतजाम रहे।बुधवार सुबह से अयोध्या की सीमा को चारो तरफ से सील कर बाहरी वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया था।वही  श्रद्धालुओं के पैदल आवागमन और दर्शन-पूजन में कोई दिक्कत नहीं आने दी गई।इस मौके पर प्रशासन की कोशिश थी कि वीवीआईपी आएं तो भी आम भक्तों को परेशान नहीं किया जाए। प्रशासन ने कभी सख्ती तो कभी ढील देकर अयोध्यावासियों को राहत पहुंचाई। बाजार, दुकान से लेकर घाट तक गुलजार रहे।रामनगरी अयोध्या से करीब 8 किमी दूर हाईवे एयरपोर्ट के पास स्थित एक होटल से मुख्यमंत्रियों का काफिला रवाना हुआ, तब करीब 12:30 बजे मुख्य मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई थी, मुख्य कार्यक्रम स्थल सरयू घाट, हनुमानगढ़ी पर मेहमानों के दर्शन पूजन के दौरान अन्य श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित था। सभी मेहमानों के विश्राम व भोजन की व्यवस्था हाईवे स्थित पंचशील होटल में की गई थी। होटल व आसपास क्षेत्र को छावनी में बदल दिया गया था। यहां कदम कदम पर अर्धसैनिक बल, पीएसी व सिविल पुलिस के जवान तैनात रहे। खुफिया एजेंसियां भी तैनात रहीं। सभी मेहमान करीब 12:15 बजे होटल से निकले व बाईपास होते हुए सीधे सरयू तट पहुंचे।
काफिला दीनदयाल तिराहे से होकर हनुमानगढ़ी गया, यहां से पीछे के रास्ते से होकर पुराने बस स्टेशन से निकलकर मुख्य मार्ग पहुंचा और श्रीरेश्वरनाथ मंदिर के सामने से श्रीरामजन्मभूमि परिसर में प्रवेश किया। नयाघाट से हनुमानगढ़ी व मुख्यमार्ग पर टेढ़ीबाजार तक सुरक्षा का कड़ा पहरा रहा। सौ-सौ मीटर की दूरी पर बैरिकेडिंग कर लोगों को आने जाने से रोका गया। अयोध्या के सभी मार्गों पर अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात रहा।मेहमानों का काफिला करीब 12:50 बजे हनुमानगढ़ी पहुंचा, इस दौरान करीब आधे घंटे तक बाहरी श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित रहा। सुरक्षा व्यवस्था में कोई बाधा न आए इसको देखते हुए हनुमानगढ़ी के मुख्यद्वार पर खड़े श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग से दूर रोक दिया गया था। सरयू घाट पर करीब आधे घंटे तक श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित रहा।सभी मेहमान करीब 12:25 बजे अयोध्या सरयू तट पहुंचे, करीब 2:40 बजे काफिला वापस पंचशील होटल के लिए रवाना हुआ। करीब 2:05 घंटे रामनगरी प्रवास के दौरान दर्शन स्थल व मार्ग सील रहे। इससे पूर्व सुबह आठ बजे से अयोध्या में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहा। अयोध्यावासियों के दो पहिया वाहन व सील रहे को पैदल घूमने की छूट दी गई थी। मुख्य मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबल तैनात रहे। गली-कूंचों से मुख्यमार्ग आने वाल मार्ग समेत मुख्य मार्ग पर जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी। इस दौरान किसी को भी गलियों से निकलकर मुख्यमार्ग पर आने की इजाजत नहीं रही। हनुमानगढ़ी चौराहे से टेढ़ी बाजार तक करीब दो दर्जन स्थानों पर बैरिकेंडिंग लगाकर सुरक्षा बल तैनात किए गए थे।वरिष्ठ अधिकारियों ने की काफिले की अगुवाई
मेहमानों के काफिले में करीब 50 वाहन रहे।इनकी अगुवाई एडीजी जोन एसएन साबत, कमिश्नर एमपी अग्रवाल, आईजी कविंद्र प्रताप सिंह, डीएम नितिश कुमार, एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय कर रहे थे। प्रत्येक मुख्यमंत्री के साथ प्रोटोकाल के तहत एडीएम व एएसपी रैंक के अधिकारी तैनात किए थे।सभी मुख्यमंत्री के वाहन में एक-एक निरीक्षक भी सुरक्षा की दृष्टि से मौजूद रहे।इस मौके पर एसपी सिटी विजयपाल सिंह, एएसपी पलाश बंसल, सीओ ट्रैफिक राजेश तिवारी, सीओ अयोध्या रामकृष्ण चतुर्चेदी लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *