भीम आर्मी जिलाध्यक्ष की टिप्पणी से आहत सवर्ण समाज आर्मी ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
जौनपुर, 10 मार्च । उत्तर प्रदेश के जौनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को सर्वण आर्मी के प्रदेश सचिव प्रवीण तिवारी के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष द्वारा बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश सचिव प्रवीण तिवारी ने बताया कि खुटहन थाना क्षेत्र के कुशहा गांव निवासी अनुसूचित जाति के युवक राजीव उर्फ रज्जू की मौत पिटाई से नहीं, बल्कि फेफड़ों में संक्रमण के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि रविवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है। शाहगंज क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने भी इस संबंध में जानकारी दी है।
तिवारी ने आरोप लगाया कि इस मामले में भीम आर्मी की ओर से सवर्ण समुदाय के लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस दौरान पुलिस प्रशासन के सामने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए बदलापुर के वर्तमान विधायक रमेश चंद्र मिश्रा के खिलाफ भी टिप्पणी की गई, जिससे सवर्ण समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में कोई दोषी है तो उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए, लेकिन निर्दोष लोगों को फंसाना उचित नहीं है। ऐसा करने से जिले में सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
प्रवीण तिवारी ने संविधान का हवाला देते हुए कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को जाति या धर्म के आधार पर निशाना बनाना गलत है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि जिले में अमन-चैन और सामाजिक सौहार्द बना रहे।

