मदरसों में छुट्टी का दिन शुक्रवार की जगह रविवार को करने का प्रस्ताव, आगे हो सकता है फैसला

मदरसा बोर्ड की लखनऊ में हुई बैठक में मदरसों में छुट्टी का दिन शुक्रवार की जगह रविवार को करने का सुझाव दिया गया। इस पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। मदरसा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. इफ्तिखार अहमद जावेद ने कहा कि बहुत दिनों से मदरसों से जुड़े लोगों की ओर से इस बात को कहा जा रहा है कि छुट्टी का दिन शुक्रवार की बजाय रविवार किया जाए। मंगलवार की बैठक में भी ऐसा सुझाव आया लेकिन कई लोगों ने इस सुझाव का विरोध भी किया। मुझे या बोर्ड को केवल सारे सुझावों को सुनना था। इन सुझावों के ऊपर जो भी फ़ैसला होगा वह मदरसा बोर्ड की आगामी बैठक में होगा।
इंदिरा भवन पांचवां तल स्थित अल्पसंख्यक कल्याण सभागार में हुई बैठक में मदरसा विनियमावली 2016 में दंड के खिलाफ अपील की व्यवस्था करने, मदरसा शिक्षकों के स्थानांतरण, अवकाश के नियम परिभाषित करने, मदरसों में एक यूनिफार्म लागू करने सहित कई अहम सुझाव मदरसों से जुड़े शिक्षाविदों ने मदरसा शिक्षा परिषद के सामने रखे।

बैठक में मदरसा कर्मचारियों व शिक्षकों के निलंबन, निष्कासन एवं अपील के संबंध में शिक्षकों के हित को सुरक्षित रखते हुये नियम बनाये जाने, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी स्तर पर की जाने वाली कार्रवाई का अंतिम निर्णय रजिस्ट्रार के स्तर से लिये जाने आदि पर सुझाव दिए गए।

बैठक में शिक्षाविदों ने करीब 19 बिंदुओं पर अपने-अपने सुझाव दिये हैं। सभी सुझावों को बोर्ड की आगामी बैठक में रखकर प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *