मधु कपूर हत्याकांड: वृद्ध नौकरानी बोली- मुझे डंडों से पीटा, हाथ बांधकर लटकाया, महिला आयोग ने पुलिस से मांगा जवाब

पुलिस की बर्बरता का शिकार नौकरानी

घर से मुझे पुलिस वाले उठा ले गए थे। पूछताछ करते रहे। फिर महिला और पुलिस दोनों पुलिसकर्मियों ने मुझको डंडों से पीटा। हाथ बांधकर लटका दिया। मेरा पूरा शरीर नीला पड़ गया है। पिटाई से मुझे बुखार आ गया। बर्बरता की ये कहानी 65 वर्षीय सावित्री ने बयां की। सावित्री स्वरूप नगर स्थित कॉनकॉर्ड अपार्टमेंट में रहने वालीं मधु कपूर के घर पर पिछले कई वर्षों से काम कर रही थीं। 13 फरवरी को सावित्री को बंधक बना मधु कपूर की हत्या कर लूटपाट की गई थी।

पुलिस का दावा है कि हत्याकांड में कहीं न कहीं सावित्री की भूमिका है। पुलिस शनिवार को उसे पूछताछ के लिए ले गई थी। रविवार रात घर छोड़ गई थी। इस दौरान थाने में सावित्री पर बर्बरता की गई। सावित्री बोली, हमें इतना मारा कि हम बेदम हो गए। वह बार-बार पूछ रहे थे कि किन लोगों ने हत्या की। हम बता रहे थे कि मुझे नहीं मालूम। लेकिन, वह नहीं मान रहे थे। इसलिए पीटना शुरू कर दिया।

 

दवाइयां भिजवा, पांच हजार रुपये दिए
अमर उजाला ने इस खबर को मंगलवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। आननफानन सावित्री को पुलिस ने दवाइयां दिलवाईं। पांच हजार रुपये नकद भी दिए। ये भी कहा कि अगर कोई दिक्कत हो तो वह बता दें। मतलब पुलिस ने पहले उनको पीटा और अब घाव पर मरहम लगा रही है। ये इसलिए ताकि बर्बरता करने वाले बच जाएं।

महिला आयोग सख्त, अफसर कर रहे गोलमोल
राज्य महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लिया है। आयोग की सदस्य पूनम कपूर ने पुलिस से पूरे मामले में रिपोर्ट मांगी है। ये भी निर्देशित किया है कि दोषी पुलिसवालों पर कार्रवाई की जाए। उधर, पुलिस विभाग के अफसर मामले में गोलमोल जवाब दे रहे हैं। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। घटना का खुलासा करना भी जरूरी है। वह भी नियमों के तहत। एक तरह से बर्बरता करने वाले पुलिसकर्मियों को बचाने का प्रयास शुरू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *