गोरखपुर/उरुवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्रीराम रेखा सिंह इंटर कॉलेज के पास मंगलवार की सुबह स्कूल जा रहे दो सगे भाइयों को कुछ युवकों ने पीट दिया। घटना का कारण लड़कियों पर छींटा कसी का होना बताया जा रहा है। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस इस मामले में दस लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
घटना के बावत दी गई तहरीर में मोनू यादव निवासी बेलासपुर ने बताया कि वह अपने भाई मोहन के साथ स्कूल जा रहा था। इस दौरान कुछ लोग उसके गांव की लड़कियों पर फब्तियां कस रहे थे। मना करने पर लगभग दस की संख्या में युवकों ने लाठी डंडे व धारदार हथियार से हमला कर दिया। मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें पीएचसी उरुवा ले गए। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 147,148, 323,504,294,308 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।

