मुख्यालय यू0पी0 112- सुरक्षा के साथ रोजगार के अवसर भी

मुख्यालय यू0पी0 112- सुरक्षा के साथ रोजगार के अवसर भी
लखनऊ , विज्ञान फाउण्डेशन द्वारा एम्पावर-द इमर्जिंग मार्केट्स फाउण्डेशन के सहयोग से परिवर्तन परियोजना के तहत जानकीपुरम व मड़ियांव क्षेत्र की 18 से 25 वर्ष की किशोरियों/युवतियों को मुख्यालय यू0पी0 112 में जानकारी एवं जागरूकता में भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य किशोरियों को संबंधित कार्यालय के कार्य व उनकी सुरक्षा हेतु सरकार द्वारा क्या नियम व कानून बनाये गये हैं, से अवगत कराना था। डी0जी0 पुलिस श्रीमती नीरा रावत जी ने किशोरियों से भ्रमण के विषय में उठ रहे सवालों को पूछने का अवसर दिया व उनके सवालों के उत्तर भी दिये। साथ ही उन्होंने किशोरियों को आगे आ कर नौकरी करने या स्वयं का व्यवसाय शुरू करके अपने जीवन में बदलाव लाने पर भी प्रोत्साहित किया और कहा- उत्तर प्रदेश पुलिस आपके साथ है। आप आगे बढ़िये और पैसा कमाइये, आपकी सुरक्षा की जिम्मेवारी 112 पर छोड़ दीजिये। हम 24 घंटे आपके लिए तत्पर हैं। मुख्यालय यू0पी0 112 के डी0आई0जी0 पुलिस श्री शाहाब रशीद खान जी ने किशोरियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि यहां केवल सुरक्षा के आयाम ही नहीं बल्कि रोजगार के अवसर भी महिलाओं को दिये जाते हैं। खासकर महिलाओं को इसलिए चुना गया है क्योंकि जो समानुभूति व सहानुभूति एक महिला की आवाज़ से किसी पीड़ित को महसूस होती है वह किसी पुरूष की आवाज़ द्वारा नहीं प्राप्त होती भले ही पुरूष कितनी भी सौम्यता के साथ बात करे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, आपरेशन श्री निवेश कटियार जी ने किशोरियों को कैड एप्लीकेशन के इस्तेमाल व उसकी उपयोगिता के विषय में विस्तार से बताया। परिवर्तन कार्यक्रम की परियोजना समन्वयक सुश्री सुकृति मिश्रा ने बताया कि संस्था विगत 37 सालों से लखनऊ व आस-पास के क्षेत्रों में शहरी गरीबों के अधिकारों के लिए कार्यरत है। संस्था सरकार के साथ जुड़ कर कई मुद्दों पर कार्य कर रही है। परिवर्तन कार्यक्रम पहला ऐसा कार्यक्रम है जिसमें संस्था रोजगार दिलाने के मुद्दे पर कार्यरत है। अंत में सभी किशोरियों को प्रज्ञा कक्ष में ले जाया गया जहां प्रेज़ेन्टेशन के माध्यम से उन्हें मुख्यालय यू0पी0 112 की कार्यप्रणालियों के बारे में बताया गया। उक्त भ्रमण में जानकीपुरम व मड़ियांव क्षेत्र की कुल 30 किशोरियों/युवतियों ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *