जौनपुर 31 जनवरी, 2025 (सू0वि0)- परिवहन आयुक्त लखनऊ द्वारा प्रदेश में बढती सड़क दुर्घटनाओं में घायलों/मृतकों की संख्या में कमी लाये जाने एवं आम जनमानस में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाये जाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा 01 जनवरी 2025 से 31 जनवरी 2025 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया गया ।
सड़क सुरक्षा माह के अन्तर्गत परिवहन विभाग एवं यातायात विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न कार्यक्रम कराये गये जिसमें 12 स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम, 5 स्थानों पर जागरूकता नुक्कड सभा, हेलमेट वितरण कार्यक्रम, 35 स्थानों पर अवैध अतिक्रमण हटाया गया, हेलमेट पर कुल चालान 7750, सीटबेल्ट पर 452 चालान, मोबाइल पर बात करते हए 65 चालान, सम्पूर्ण कार्यवाही 8267 चालान किये गये। जिसके अन्तर्गत 31 जनवरी 2025 को सड़क सुरक्षा माह के समापन दिवस का आयोजन कुंवर हरिबंश सिंह नर्सिंग कालेज निकट ए0आर0टी0ओ0 कार्यालय में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद के व्यवसायिक वाहन चालक, पुलिस, यातायात कर्मी एवं परिवहन विभाग के कर्मचारी, ट्रक/बस/टैम्पों यूनियन के पदाधिकारी शामिल हुए एवं उक्त विद्यालय के समस्त छात्र/छात्राएं एवं जनमानस द्वारा प्रतिभाग किया गया।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चन्द्र द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन को आचरण में लाने की बात कहकर सभी से अनुरोध करते हुए अपील की गयी कि दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग एवं चार पहिया वाहन चलाते समय सीटबेल्ट का प्रयोग अवश्य करें तथा वाहन चलाते समय वाहन से सम्बन्धित समस्त प्रपत्र साथ में रखे तथा सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें।
उक्त के साथ यह भी अपील किये गये कि वाहन सदैव अपने लेन में चलाये तथा ओवरस्पीड में वाहन कभी भी न चलाये। कार्यक्रम में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रतियोगिता में चयनित छात्र/छात्राओं को जिलाधिकारी द्वारा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित छात्र/छात्राओं में अभिवन कीर्ति पाण्डेय, हिमांशु विश्वकर्मा, अंजली, आराध्या राय, सुरज कुमार यादव, युगल गुप्ता, वात्सल्य, गुडिया विश्वकर्मा, आकांक्षा कन्नौजिया रहे। उक्त के साथ कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि साई तेजा सीलम, मुख्य विकास अधिकारी जौनपुर द्वारा उपस्थित जन समुदाय को सड़क सुरक्षा के नियमों के पालन हेतु अनुरोध किया गया। शैलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जौनपुर द्वारा आये हुए समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।
कार्याशाला में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जौनपुर सत्येन्द्र कुमार सिंह, जिला बेसिक अधिकारी डा0 गोरखनाथ पटेल, नोडल अधिकारी सड़क सुरक्षा (उच्च शिक्षा) डॉ0 धर्मेन्द्र कुमार द्विवेदी, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार, यात्रीकर/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार, सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) अशोक कुमार श्रीवास्तव, ट्रैफिक निरीक्षक सुशील मिश्रा के साथ यातायात विभाग के समस्त कर्मचारी एवं परिवहन विभाग से समस्त कर्मचारी व समस्त प्रवर्तन कार्मिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अन्त में जिलाधिकारी महोदय द्वारा सड़क सुरक्षा की शपथ दिलायी गयी।

