मेडिकल कॉलेज में ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह सक्रिय हैं: डॉ कमल

मेडिकल कॉलेज में ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह सक्रिय हैं: डॉ कमल

जौनपुर के उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में होली के बाद से मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। प्रतिदिन ओपीडी में 3000 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले इन मरीजों को यहां व्यवस्थित और लाइनबद्ध तरीके से उपचार तथा परामर्श प्रदान किया जा रहा है, जिससे जिले की बड़ी आबादी का भरोसा इस संस्थान पर बढ़ा है।

मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल ने स्वयं ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। अधिकांश व्यवस्थाएं सुचारु पाई गईं, हालांकि कुछ छोटी-मोटी कमियों पर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।प्रधानाचार्य ने स्पष्ट किया कि मरीजों की सेवा मेडिकल कॉलेज की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या मरीजों के साथ असुविधा को कॉलेज प्रशासन बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों से निष्ठा, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया, ताकि गरीब, असहाय और जरूरतमंद मरीज खुद को सुरक्षित और सम्मानित महसूस कर सकें।

प्रधानाचार्य ने यह भी बताया कि मेडिकल कॉलेज में ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह सक्रिय हैं और सभी प्रकार के मरीजों का इलाज किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही यहां ऑपरेशन थिएटर (ओटी) की व्यवस्था भी शुरू होने जा रही है, जिससे जिले की जनता को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके लिए चिकित्सक और कर्मचारी लगातार प्रयासरत हैं ताकि अत्याधुनिक ओटी सेवाएं जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *