– प्रातः शाम की बेला में पूजन अर्चन करने वाले श्रद्धालु एवं दोपहर से देर रात तक लीला परिसर में उमड़ रहा जन सैलाब।
– पूर्णाहुति यज्ञ व भण्डारा शनिवार को
ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ। गोण्डा के कर्नलगंज- कटरा मार्ग पर बेलसर ब्लाक के ग्राम खमरौनी स्थित ज्वाला माई मंदिर में चल रहे दस दिवसीय शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति में अब महज दो दिन शेष रह जाने पर आयोजन परिसर में सुबह से देर रात तक भक्तों और लीला दर्शकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। लोहे और स्टील से बने आकर्षक विशाल नौ कुंडीय यज्ञ मंडप में मनोकामना की सिद्धि के लिए हजारों श्रद्धालुओं द्वारा शतचंडी यज्ञ देवी को अर्पित किए जौ तिल अक्षत धूप शहद घई व इत्र की पवित्र समिधा से ज्वाला माई का आंगन सहित सम्पूर्ण परिसर महक उठा है। वैदिक विद्वानों के महामंत्र व साधु-संत की टोली द्वारा राम नाम संकीर्तन की फिजाओं में अनवरत गूंज से खमरौनी का ग्रामीण क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।
यज्ञ आयोजक व्यवस्थापक गुजरात के सूरत स्थित सिद्ध मनोकामना हनुमान मंदिर पीठ के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी रामसेवक दास उर्फ त्यागी बापू में गुरुवार को वार्ता में बताया कि 23वें शतचंडी महायज्ञ में आठवें दिवस तक यज्ञ संकल्पित यजमानों के अतिरिक्त दस हजार से भी ज्यादा श्रद्धालु पूजन अर्चन में भाग ले चुके हैं। स्वामी जी ने दावा किया कि वर्ष 2000 से प्रतिवर्ष 25 जनवरी से 4 फरवरी तक 11 दिवसीय यज्ञ में अब तक दो लाख से अधिक गुजरात व स्थानीय श्रद्धालु इस पवित्र परिसर में पूजन अर्चन कर ज्वालामाई का आशीर्वाद ले चुके हैं। उन्होंने बताया कि शतचंडी महायज्ञ का समापन शनिवार को सायं 4:00 बजे पूर्णाहुति यज्ञ से हो रहा है। पूर्णाहुति यज्ञ के साथ आयोजित विशाल भंडारे के लिए व्यवस्था प्रभारी युवा समाजसेवी हनुमंत शरण तिवारी, दुर्गा प्रसाद तिवारी व सत्य प्रकाश उपाध्याय के नेतृत्व में युवा समाज समाजसेवियों की सहयोग से व्यापक तैयारी की जा रही है।
इनसेट:
———
राम लीला में धनुष यज्ञ के मंचन पर झूमे दर्शक
शतचंडी महायज्ञ के रंगमंच परिसर में गुरुवार को मथुरा वृंदावन से आए श्याम सुंदर रासलीला मंडल के कलाकारों ने स्वामी धर्मपाल के निर्देशन में रामलीला में धनुष यज्ञ का मंचन किया। जनकपुर में भगवान राम व देवी सीता का मोहक स्वरूप का दर्शन कर दर्शक आनन्द से प्रफुल्लित हो गए। गुजरात के व्यापारी युवा नेता हनुमंत शरण ने भगवान की युगल आरती के साथ माल्यार्पण किया। लीला में उपस्थित श्रद्धालु महिलाओं ने अपने बाल गोपाल की सुख समृद्धि के लिए भगवान के चरणों में शीश झुका कर आशीर्वाद मांगा। इस मौके पर इंद्र बहादुर तिवारी, रवि सिंह संतोष पांडेय, नीरज दास व प्रदीप तिवारी आदि मौजूद रहे।

